The Great Indian Kapil Show: जोमैटो के फ्लर्टी नोटिफिकेशंस पर कपिल ने दीपिंदर गोयल की खींची टांग, कुछ ऐसा मिला जवाब कि लगने लगे ठहाके

कपिल के शो में सुनील ग्रोवर, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा, राजीव ठाकुर और अर्चना पूरन सिंह भी हैं। यह एपिसोड शनिवार, 9 नवंबर को रात 8 बजे नेटफ्लिक्स पर आएगा। इस एपिसोड के अलग-अलग टीजर्स सामने आए हैं। एक टीजर में कपिल कहते हुए दिख रहे हैं कि जोमैटो के नोटिफिकेशन देखकर ऐसा लगता है जैसे कोई गर्लफ्रेंड और बॉयफ्रेंड एक दूसरे से बात कर रहे हैं

अपडेटेड Nov 09, 2024 पर 6:03 PM
इस शनिवार के एपिसोड में टेक फाउंडर्स के साथ जमकर हंसी-हंगामा होने वाला है।

नेटफ्लिक्स पर आने वाले द ग्रेट इंडियन कपिल शो (The Great Indian Kapil Show) का इस शनिवार का एपिसोड काफी इंट्रेस्टिंग होने वाला है। इस बार शो पर इंफोसिस के को-फाउंडर एनआर नारायण मूर्ति, उनकी पत्नी और इंफोसिस फाउंडेशन की चेयरपर्सन सुधा मूर्ति, जोमैटो के सीईओ दीपिंदर गोयल और उनकी पत्नी ग्रेसिया (जिया) आने वाले हैं। नेटफ्लिक्स ने बुधवार को इसका प्रोमो रिलीज किया।

शो में दोनों कपल्स से कई तरह की बातें की जाने वाली हैं। साथ ही जमकर हंसी-हंगामा होने वाला है। इस एपिसोड के अलग-अलग टीजर्स सामने आए हैं। एक टीजर में होस्ट कपिल शर्मा, नारायण मूर्ति से पूछते हैं कि जब उन्होंने पहली बार अपनी पत्नी को देखा तो उनका पहला रिएक्शन क्या था। इस पर वह अहहहह...करके बोलना शुरू कर ही रहे होते हैं कि तभी पीछे से तेज म्यूजिक की आवाज आती है। इस पर सुधा मूर्ति कमेंट करती हैं कि यही रिएक्शन था। आगे नारायण मूर्ति ने याद करते हुए कहा, "जब यह पहली बार हमारे घर आईं, तो यह ताजी हवा के झोंके की तरह था।" इस बीच सुधा भी मजाक करते हुए कहती हैं, “तब ये जवान थे ना?" उनका रिस्पॉन्स सुनकर सभी जोर से हंसने लग जाते हैं।

फ्लर्टी नोटिफिकेशंस पर Zomato फाउंडर की खींची टांग


एपिसोड के दौरान कपिल जोमैटो ऐप की ओर से अपने ग्राहकों को भेजे जाने वाले फ्लर्टी टाइप पुश नोटिफिकेशंस को लेकर दीपिंदर गोयल की टांग खींचते हुए नजर आएंगे। एक टीजर में कपिल कहते हुए दिख रहे हैं, "इनकी कंपनी के नोटिफिकेशन बहुत फ्लर्टी हैं। ऐसा लगता है जैसे कोई गर्लफ्रेंड और बॉयफ्रेंड एक दूसरे से बात कर रहे हैं।" इसके बाद उन्होंने कुछ पुश नोटिफिकेशन दिखाए और दीपिंदर से पूछा, "आप वास्तव में अपने ग्राहकों के लिए ये मैसेज टाइप कर रहे थे या आप जिया के लिए टाइप कर रहे थे और गलती से आपने इसे हमें भेज दिया?"

इस पर दीपिंदर हंसते हुए कहते हैं, 'कुछ बार ऐसा हुआ कि मैंने जिया के लिए टाइप किया, और मैंने सोचा कि मैं उन्हें एक अच्छा नोटिफिकेशन भेजूंगा। मैं आपको बताता हूं कि क्या हुआ। हमारी मार्केटिंग टीम बहुत युवा है। उनके पास मार्केटिंग का कोई बैकग्राउंड नहीं है। वे जुनूनी लोग हैं। मैंने अपनी टीम को एक दिन ग्राहकों के साथ रिलेशनशिप बनाने के लिए ब्रीफ किया। मुझे भी नहीं पता था कि इसका क्या मतलब है। मेरे पास मार्केटिंग का कोई बैकग्राउंड नहीं है। मैंने एक किताब पढ़ी और उसमें कहा गया था कि ग्राहकों के साथ रिश्ता बनाओ। मैंने उन्हें कहा और उन लोगों ने मेरी बात को गंभीरता से ले लिया।' उनके इस जवाब पर जोरदार ठहाके लगने लगते हैं।

दिल्ली के लिए काल बनी जहरीली हवा, UP-बिहार में बढ़ी ठंड, जानें अपने शहर में मौसम का हाल

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।