Traffic Challan: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक बहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। हरियाणा में एक बाइक पिछले 2 साल से कभी घर से बाहर निकली ही नहीं और गाजियाबाद में धड़ाधड़ चालान काटे जा रहे हैं। बाइक के मालिक के पास जब 14 चालान पहुंचे तो उसके होश उड़ गए। दरअसल, जिस बाइक के चालान काटे गए। उसका नंबर लगाकर एक शख्स गाजियाबाद में बाइक से घूम रहा था। वो इस बाइक को 3 साल से इस्तेमाल कर रहा था। पुलिस ने फर्जी नंबर लगाकर चलने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की पूछ ताछ में जो मामला सामने आया। उससे पुलिस भी हैरान है।
हरियाणा के नवाबगढ़ थाना रोज का मेव निवासी मुस्तफा खान ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि जिस दौरान चालान काटे गए हैं। उस समय उनकी बाइक हरियाणा में घर में खड़ी थी। उसमें एक चालान में अजीत का नाम लिखा था और मोबाइल नंबर दर्ज था। इसके बाद पुलिस ने अजीत को फोन करके बुलाया।
साले ने चोरी कर जीजा को दी थी बाइक
पुलिस के फोन करने पर अजीत पुलिस थाने पुहंचा। उसने बताया कि उसके साले सुनील ने 3 साल पहले बाइक दी थी। सुनील बुलंदशहर का रहने वाला है। मौजूदा समय में सुनील गांजा तस्करी के मामले में मध्य प्रदेश के की मालवा जेल में बंद है। बाइक की इंजन और चेचिस नंबर को भी मिटाने की कोशिश की गई थी। पुलिस ने अजीत को गिरफ्तार कर लिया है। इसके पहले उसके ऊपर कोई केस दर्ज नहीं हैं। फिलहाल पुलिस ने बाइक को फारेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद पता चल पाएगा कि बाइक कहां से चोरी की गई थी।
गलत तरीके से नंबर का हो रहा था इस्तेमाल
फिलहाल अजीत हरियाणा के रहने वाले मुस्तफा खान की बाइक का नंबर गलत तरीके से इस्तेमाल कर रहा था। जिसका चालाना मुस्तफा के पास भेजा जा रहा था। इधर अजीत आराम से बाइक चला रहा था।