वेदांता रिसोर्सेज (Vedanta Resources) ने राजस्थान के महिला विश्वविद्यालय वनस्थली विद्यापीठ से 100 महिलाओं को हायर किया है। वेदांता के चेयरमैन और भारतीय उद्योगपति अनिल अग्रवाल ने यह जानकारी अपने एक लिंक्डइन पोस्ट पर दी है। दरअसल, अनिल अग्रवाल ने हाल ही में वनस्थली विद्यापीठ यूनिवर्सिटी का दौरा किया है। इसे वे सबसे पुराना महिला विश्वविद्यालय मानते हैं और यहां उनकी मां ने भी पढ़ाई की है। लिंक्डइन पोस्ट में अग्रवाल ने कहा कि विजिट के दौरान उन्होंने यूनिवर्सिटी के 100 महिलाओं को नौकरी पर रखने का निर्णय लिया।
यहां आना तीर्थ स्थान जैसा : अग्रवाल
अनिल अग्रवाल ने वनस्थली विद्यापीठ यूनिवर्सिटी के साथ कुछ तस्वीरें भी साझा की है। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा कि विश्वविद्यालय में आकर ऐसा लगा जैसे किसी तीर्थ यात्रा पर जा रहे हों। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने यहां पढ़ने वाली 17,000 लड़कियों से मुलाकात की। उनका मानना है कि ये लड़कियां देश का भविष्य हैं और जो भी कंपनी उन्हें नौकरी पर रखेगी वह भाग्यशाली होगी।
मेरी मां ने की है यहां से पढ़ाई : अग्रवाल
उन्होंने अपने इस पोस्ट में लिखा, "भारत के सबसे पुराने महिला विश्वविद्यालय वनस्थली विद्यापीठ की मेरी यात्रा ऐसी थी जिसे मैं कई वर्षों तक याद रखूंगा। मेरी मां जी ने यहां पढ़ाई की है और इस हॉस्टल में रहती हैं, जहां मैं खड़ा हूं। यहां जाना मेरे लिए किसी तीर्थ स्थान पर जाने जैसा है।" उन्होंने आगे कहा कि वहां पढ़ने वाली 17 हजार लड़कियां अपने सपनों को साकार करेंगी।
उन्होंने अपने पोस्ट में कहा, "मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि हम वनस्थली से 100 से अधिक प्रतिभाशाली महिलाओं को भर्ती करने जा रहे हैं। मुझे यकीन है कि ये लड़कियां न केवल वेदांता, बल्कि भारत को भी आगे लेकर जाएंगी।"