Vijay Kedia Tax Song: 'मार्केट मास्टर' के नाम से मशहूर दिग्गज निवेशक विजय केडिया के पोर्टफोलियो पर आम निवेशकों की नजरें तो रहती ही हैं, उनके गाए गाने का लुत्फ उठाते हैं। अब उन्होंने एक नया गाना लाया है जो टैक्स के मौजूदा सिस्टम पर व्यंग्य है। विजय केडिया ने अपने गाने में हाई टैक्स को लेकर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से गुहार लगाई है। उनका नया गाना है- एफएमजी, एफएमजी, इतना टैक्स मैं कैसे भरूं। यह गाना उन्होंने 'बॉम्बे' फिल्म में एआर रहमान के गाए गाने 'तू ही रे' के बोल पर बनाया है। नीचे विजय केडिया के गाने के बोल दिए जा रहे हैं।
एफएम जी, एफएम जी, इतने टैक्स मैं कैसे भरूं,
ऊपर से, डिविडेंड पे, दो-दो टैक्स भी पे मैं करूं
अब जिंदा मैं कैसे रहूं...
मुश्किल है ये बिजनेस, कितने रिस्क उठाता हूं
डायबिटीज और बीपी, बदले में मैं पाता हूं
ये ईजी नहीं है जी, इतनी एंजायटी कैसे सहूं
अब जिंदा मैं कैसे रहूं...
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 2024-25 के बजट में कैपिटल गेन्स के टैक्स फ्रेमवर्क में बड़ा बदलाव किया। शेयरों, इक्विटी वाले म्यूचुअल फंड्स और बिजनेस ट्रस्ट्स यूनिट्स से शॉर्ट टर्म कैपिटल गेन पर टैक्स की दर को 15 फीसदी से बढ़ाकर 20 फीसदी कर दिया गया। इसके अलावा लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन की छूट सीमा को 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 1.25 लाख रुपये तो किया गया लेकिन इससे ऊपर के मुनाफे पर टैक्स की दर को 10 फीसदी से बढ़ाकर 12.5 फीसदी कर दिया गया।
Vijay Kedia Portfolio में 15 स्टॉक्स
'मार्केट मास्टर' विजय केडिया 19 वर्ष की उम्र से स्टॉक मार्केट में पैसे लगा रहे हैं। उन्होंने 33 वर्ष की उम्र में वर्ष 1992 में केडिया सिक्योरिटीज शुरू किया था। उनके पोर्टफोलियो में 15 कंपनियों के स्टॉक्स हैं जिनकी वैल्यू 1900 करोड़ रुपये के करीब है। सितंबर तिमाही में उनके पोर्टफोलियो में एक नया स्टॉक टीएसी इंफोसेक शामिल हुआ है।