दुनिया में सबसे तेज दिमाग वाले इंसान के तौर पर महान साइंटिस्ट अल्बर्ट आइंस्टीन (Albert Einstein) या स्टीफन हॉकिंग (Stephen Hawking) को याद किया जाता है। दोनों का आईक्यू (IQ) 160 था। लेकिन अब मेक्सिको सिटी (Mexico City) की एक 11 वर्षीय लड़की ने आईक्यू के मामले में दोनों दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है। अधारा का आईक्यू आश्चर्यजनक रूप से 162 मापा गया है। दिलचस्प बात यह है कि अधारा पेरेज़ सांचेज़ (Adhara Perez Sanchez) नाम की इस बच्ची ने महज 11 साल की उम्र में ही इंजीनियरिंग में मास्टर की पढ़ाई पूरी कर ली है। जल्दी ही यह लड़की मास्टर डिग्री हासिल कर लेगी।
बता दें कि एक सामान्य छात्र अपनी पोस्टग्रेजुएट की डिग्री 20 साल के बाद ही हासिल कर पाता है। बता दें कि IQ स्कोर लोगों के सोचने-समझने की क्षमता और जानकारी के स्तर को बताता है। आपका दिमाग किसी काम को कितने अच्छे से तरीके से करता है, हम किसी समस्या का समाधान कितनी जल्दी और बेहतर तलाश सकते हैं, यह उसकी रेटिंग है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अधारा नासा (NASA) के साथ काम करना चाहती है। बच्ची की तमन्ना अंतरिक्ष के तारे गिनना है। वह नासा की एस्ट्रोनॉट बनकर अपने सपने पूरा करना चाहती है। मौजूदा समय में अधारा मैक्सिकन स्पेस एजेंसी के साथ मिल कर युवा छात्रों में स्पेस रिसर्च और मैथ्स को बढ़ावा देने पर काम कर रही है।
फ्रांसीसी मैगजीन मैरी क्लैरी में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, अधारा ने CNCI यूनिवर्सिटी से सिस्टम इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की है और दूसरा टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी ऑफ मैक्सिको से मैथ में इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की है।
ऑटिज्म से पीड़ित थी बच्ची
अधारा जब तीन साल की थी तब उसके ऑटिज्म (Autistic) बीमार से पीड़ित होने का पता चला। ऑटिज्म मानसिक विकास को बाधित करने वाली बीमारी है। इसके शिकार बच्चों में आपसी संवाद और सामाजिक मेलजोल बढ़ाने में दिक्कत होती है।
मैरी क्लैरी को दिए एक इंटरव्यू में अधारा की मां ने बताया कि उसके दोस्त उसकी इस बीमारी की वजह से उसे परेशान करते थे। इस बात से अधारा बहुत उदास रहने लगी। इसके चलते उसने खुद को अपने में ही सीमित कर लिया। उसने अपना ध्यान पढ़ाई में लगाना शुरू कर दिया। जल्दी ही उसने अलजेब्रा पर पकड़ बना ली। इसके बाद अधारा ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
रिपोर्ट के अनुसार, अधारा ने महज पांच साल की उम्र में अपनी प्राथमिक शिक्षा पूरा कर ली। इतना ही नहीं इसके एक साल बाद उसने मिडिल और हाई स्कूल भी पास कर ली। वह पहले से ही दुनियाभर में काफी प्रसिद्ध हैं। कई मैगजीन कवर पर वह दिखाई दे चुकी है। छोटी सी उम्र में ही वह सिस्टम इंजीनियरिंग और इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग की डिग्री अपने नाम कर चुकी है। बच्ची का सपना मंगल ग्रह पर कॉलोनी (Colony on Mars) बसाना है। फिलहाल, वह मैक्सिकन स्पेस एजेंसी के साथ भी काम कर रही है।