Virat Kohli: टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर विराट कोहली के बेंगलुरु स्थित रेस्टोरेंट वन8 कम्यून के खिलाफ FIR दर्ज हुई है। बेंगलुरु पुलिस ने विराट के One8 Commune रेस्तरां और पब के मैनेजर पर कथित तौर पर निर्धारित समय से ज्यादा टाइम तक खोलने का मामला दर्ज किया है। वन8 कम्यून के खिलाफ बेंगलुरु के एमजी रोड स्थित थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। कोहली के पब को केवल 1 बजे तक ही खुले रहने की अनुमति थी, जबकि ये निर्धारित समय के बाद भी खुले थे।
मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी सेंट्रल ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि हमने कल (8 जुलाई) रात 1:30 बजे तक देर तक चलने के लिए लगभग 3-4 पब के खिलाफ केस दर्ज किए हैं। हमें तेज आवाज में म्यूजिक बजाए जाने की शिकायतें मिलीं। पब को केवल 1 बजे तक ही खुले रहने की अनुमति थी, उसके बाद नहीं...। बता दें कि किंग कोहली के one8 commune नाम से देश के कई राज्यों में रेस्टोरेंट है। भारतीय शहरों के अलावा विदेशों में भी कोहली के रेस्टोरेंट की कई ब्रांच खुल चुकी हैं।
FIR के अनुसार, वन8 कम्यून-बेंगलुरु कथित तौर पर निर्धारित समय सीमा के बाद रात 1:20 बजे संचालित पाया गया। बेंगलुरु के कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर में कहा गया है, "कस्तूरभा रोड पर स्थित वन8 कम्यून पब 6 जुलाई को बंद होने के समय के बाद रात 1:20 बजे संचालित और ग्राहकों को सेवा देते हुए पाया गया।"
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, रात में गश्त कर रहे सब-इंस्पेक्टर को वन8 कम्यून पब के देर रात संचालित होने की सूचना मिली। जब सब-इंस्पेक्टर रात 1:20 बजे पब में पहुंचे, तो उन्होंने पाया कि पब ग्राहकों को सेवा दे रहा है। इसके आधार पर एफआईआर दर्ज की गई। सूत्रों ने बताया कि तीन अन्य पबों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
विराट कोहली का रेस्तरां वन8 कम्यून की दिल्ली, मुंबई, पुणे और कोलकाता जैसे अन्य बड़े शहरों में ब्रांच हैं। बेंगलुरु रेस्तरां पिछले साल दिसंबर में शुरू की गई थी। यह कस्तूरबा रोड पर रत्नम कॉम्प्लेक्स की छठी मंजिल पर स्थित है, जो एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के नजदीक है।
ग्राहक वन8 कम्यून में लंच और डिनर का आनंद लेते हुए कब्बन पार्क और चिन्नास्वामी स्टेडियम के नजारों का आनंद ले सकते हैं। विराट कोहली का बेंगलुरु से एक खास रिश्ता है क्योंकि वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की शुरुआत से ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम के लिए खेल रहे हैं।
विराट अभी लंदन में हैं। अनुष्का शर्मा और विराट कोहली हाल ही में लंदन के इस्कॉन मंदिर गए थे। सोशल मीडिया पर इस कपल का एक वीडियो सामने आया है जिसमें उन्हें भगवान कृष्ण की पूजा करने के लिए कीर्तन में भाग लेते देखा जा सकता है। अनुष्का ने सादा सफेद सूट पहना था, जबकि विराट ने काली टी-शर्ट और बेज पैंट के साथ कैज़ुअल लुक चुना।