पीएम मोदी बोले- "भारत का विकास देखकर आज दुनिया भी हैरान": रूस में दो नए काउंसलेट खोलने का किया ऐलान
PM Modi Russia Visit: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार 8 जुलाई की रात को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपने सरकारी आवास 'नोवो-ओगरियोवो' पर एक 'निजी मुलाकात' के तहत स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने देश की प्रगति के वास्ते किए गए कार्यों के लिए पीएम मोदी की जमकर तारीफ की
PM Modi Russia Visit: पीएम ने कहा कि 140 करोड़ भारतीय अब विकसित देश बनने का सपना देख रहे हैं
PM Modi Russia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार (9 जुलाई) को रूस की राजधानी मॉस्को में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि वह अपने तीसरे कार्यकाल में भारत को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाएंगे। पीएम ने कहा कि मैंने अपने तीसरे कार्यकाल में तीन गुना तेजी से और तीन गुना अधिक ताकत के साथ काम करने की शपथ ली है। प्रधानमंत्री अपने संबोधन के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में व्यापक वार्ता भी करेंगे। रूस द्वारा फरवरी 2022 में यूक्रेन में अपना सैन्य अभियान शुरू करने के बाद से पीएम मोदी पहली बार मॉस्को का दौरा कर रहे हैं। इस यात्रा का उद्देश्य मॉस्को के साथ नई दिल्ली के दीर्घकालिक संबंधों को मजबूत करना है।
रूसी सेना में फंसे भारतीयों की होगी वापसी
इस बीच, रूस अपनी सेना में सहायक कर्मियों के रूप में भारतीयों की भर्ती बंद करने और बल में कार्यरत भारतीयों की स्वदेश वापसी सुनिश्चित करने के भारत के आह्वान पर मोटे तौर पर सहमत हो गया है। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार रात रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ अनौपचारिक मुलाकात के दौरान यह मुद्दा उठाया था। उन्होंने बताया कि मंगलवार को पीएम मोदी और पुतिन के बीच शिखर वार्ता के बाद रूसी सेना में सहायक स्टाफ के रूप में कार्यरत सभी भारतीयों को सेवामुक्त करने के मॉस्को के फैसले की घोषणा होने की उम्मीद है।
सूत्रों ने कहा कि रूस इस मुद्दे पर हमारे अनुरोध पर मोटे तौर पर सहमत हो गया है। पिछले महीने, विदेश मंत्रालय (MEA) ने कहा था कि रूस-यूक्रेन युद्ध में रूसी सेना में कार्यरत दो और भारतीय नागरिक मारे गए हैं। इसी के साथ, रूस-यूक्रेन युद्ध में जान गंवाने वाले उन भारतीय नागरिकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है, जो रूसी सेना में सहायक कर्मी के रूप में कार्यरत हैं। दो और भारतीयों की मौत के बाद, भारत ने रूसी सेना में भारतीय नागरिकों की भर्ती पर रोक लगाने की मांग की थी।
पीएम मोदी के संबोधन की बड़ी बातें
- मॉस्को में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आपका ये प्रेम, आपका ये स्नेह, आपने यहां आने के लिए समय निकाला मैं आपका बहुत-बहुत आभारी हूं। मैं अकेला नहीं आया। मैं मेरे साथ बहुत कुछ लेकर आया हूं। मैं अपने साथ हिंदुस्तान की मिट्टी की महक लेकर आया हूं। मैं अपने साथ 140 करोड़ देशवासियों का प्यार लेकर आया हूं।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि आज 9 जुलाई है और आज के दिन मुझे शपथ लिए पूरा 1 महीना हुआ है। आज से ठीक 1 महीने पहले 9 जून को मैंने तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और उसी दिन मैंने एक प्रण लिया था कि अपने तीसरे कार्यकाल में मैं तीन गुनी ताकत के साथ काम करूंगा।
- भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत वो देश है जहां दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्ट-अप इको सिस्टम है। 2014 में जब आप लोगों ने मुझे पहली बार देश की सेवा करने का मौका दिया तब कुछ सैकड़ों में स्टार्ट-अप हुआ करते थे, आज लाखों में है। आज भारत वो देश है जो रिकॉर्ड संख्या में पेटेंट फाइल कर रहा है, रिसर्च पेपर पब्लिश कर रहा है और यही मेरे देश के युवाओं की शक्ति है। दुनिया भी हिंदुस्तान के नौजवानों के टैलेंट को देख कर अचंभित है।
- पीएम मोदी ने कहा कि ये भी एक संयोग है कि सरकार के कई लक्ष्यों में भी 3 का अंक छाया हुआ है। सरकार एक लक्ष्य है, तीसरे टर्म में भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी बनाना। सरकार का लक्ष्य है, तीसरे टर्म में गरीबों के लिए 3 करोड़ घर बनाना। सरकार का लक्ष्य है, तीसरे टर्म में 3 करोड़ लखपति दीदी बनाना।
- प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि आज 140 करोड़ भारतीय हर क्षेत्र में सबसे आगे निकलने की तैयारी में जुटे रहते हैं। आप सभी ने देखा है, हम अपनी अर्थव्यवस्था को सिर्फ कोविड संकट से ही बाहर निकालकर ही नहीं लाए, बल्कि भारत ने अपनी अर्थव्यवस्था को दुनिया की सबसे मजबूत इकोनॉमी में से एक बना दिया।
- पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में देश ने विकास की जो रफ्तार पकड़ी है, उसे देखकर दुनिया हैरान है। दुनिया के लोग जब भारत आते हैं, तो कहते हैं कि 'भारत बदल रहा है।' भारत का कायाकल्प, भारत का नव-निर्माण वो साफ-साफ देख पा रहे हैं। पीएम ने कहा कि भारत आज बदल रहा है, क्योंकि वह अपने 140 करोड़ नागरिकों और दुनियाभर में बसे भारतीय समुदाय के लोगों की ताकत पर भरोसा करता है।
- पीएम ने कहा कि भारत में ये बदलाव सिर्फ सिस्टम और इंफ्रास्ट्रक्चर का ही नहीं है, बल्कि ये बदलाव देश के हर नागरिक के, हर नौजवान के आत्मविश्वास में भी दिख रहा है। 2014 से पहले हम निराशा की गर्त में डूब चुके थे। लेकिन आज देश आत्मविश्वास से भरा हुआ है।
- प्रधानमंत्री ने कहा कि आपने भी हाल ही में T20 वर्ल्ड कप में भारत की विजय को सेलिब्रेट किया होगा। वर्ल्ड कप को जीतने की असली स्टोरी, जीत की यात्रा भी है। आज का युवा और आज का युवा भारत आखिरी बॉल और आखिरी पल तक हार नहीं मानता है। विजय उन्हीं के चरण चूमती है, जो हार मानने को तैयार नहीं होते हैं।
- पीएम मोदी ने कहा कि आज ग्लोबल इकोनॉमी की वृद्धि में 15% भारत की हिस्सेदारी है। आने वाले समय में इसका और ज्यादा विस्तार होना तय है। वैश्विक गरीबी से लेकर जलवायु परिवर्तन तक हर चुनौती को चुनौती देने में भारत सबसे आगे रहेगा। मेरे तो DNA में है चुनौती को चुनौती देना।
- पीएम ने कहा कि भारत और रूस के संबंधों के लिए मैं राष्ट्रपति पुतिन की सराहना करूंगा। उन्होंने दो दशकों से भी ज्यादा समय तक इस साझेदारी को मजबूती देने के लिए शानदार काम किया है। पिछले 10 सालों में मैं छठी बार रूस आया हूं और इन सालों में हम एक दूसरे से 17 बार मिले हैं। ये सारी बैठकें विश्वास और आदर को बढ़ाने वाली रही हैं। जब हमारे छात्र संघर्ष के बीच फंसे थे तब राष्ट्रपति पुतिन ने उन्हें भारत पहुंचाने में मदद की थी इसके लिए मैं उनका एक बार फिर आभार व्यक्त करता हूं।