West Bengal Crime News: पश्चिम बंगाल से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां फिरौती की रकम से कंप्यूटर खरीदने के लिए तीन किशोरों ने कथित तौर पर अपने 14 वर्षीय दोस्त का अपहरण कर लिया। इसके बाद उन्होंने पीड़ित की 'रसगुल्ला और कोल्ड ड्रिंक' पीने की 'अंतिम इच्छा' पूरी करने के बाद उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि आरोपी किशोर गेम खेलने के लिए कंप्यूटर खरीदना चाहते थे। यह घटना पश्चिम बंगाल में नदिया जिले के कृष्णानगर के घुरनी इलाके में हुई।
पुलिस ने बताया कि बोरे में बंधा शव शनिवार (26 अगस्त) को कृष्णानगर शहर के बाहरी इलाके हिजुली इलाके में एक तालाब से बरामद किया गया। पुलिस ने तीनों को पकड़ लिया है। आरोपियों को रविवार को कृष्णानगर की एक किशोर अदालत में पेश किया।
पुलिस ने बताया कि घुरनी निवासी 8वीं कक्षा का छात्र शुक्रवार दोपहर को कुछ सामान खरीदने के लिए पास की दुकान पर जाते समय लापता हो गया था। शनिवार सुबह उसकी मां को तीन लाख रुपये की फिरौती का फोन आया। इसके बाद मृतक की मां ने कोतवाली थाने को सूचित किया।
एक पुलिस अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि हमने स्थानीय निवासी तीनों किशोरों को पकड़ लिया है जो उसी स्कूल के 10वीं कक्षा के छात्र हैं जिसमें मृतक पढ़ता था। उन्होंने लड़के की हत्या करने और उसके शव को तालाब में फेंकने की बात कबूल कर ली है। अधिकारी ने कहा कि इस मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस को आशंका है कि तीनों को लगा होगा कि लड़के की मां फिरौती की रकम देने में सक्षम नहीं होगी। इसके बाद आरोपियों ने उसे इस डर से मार डाला कि अगर उन्होंने उसे छोड़ा तो पुलिस उन्हें पकड़ लेगी। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, मृतक छात्र के पिता की बहुत पहले ही मौत हो गई थी। जबकि उसकी मां 'आया' का काम करती थी।