मुंबई (Mmbai) में गुरुवार (8 फरवरी) को स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता मौरिस नोरोन्हा (Mauris Noronha) ने फेसबुक (Facebook) लाइव के दौरान शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता अभिषेक घोसालकर (Abhishek Ghosalkar) की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि हमलावर नोरोन्हा ने बाद में खुद को भी गोली मारकर अपनी जान दे दी है। पुलिस ने बताया कि पूर्व पार्षद घोसालकर की गोली लगने के बाद उत्तरी मुंबई के एक अस्पताल में मौत हो गई। घटना का फेसबुक लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें अभिषेक के पेट और कंधे में गोली मारी जाती दिखाई देती है।
एक अधिकारी ने बताया घोसालकर और नोरोन्हा के बीच आपसी रंजिश थी। फेसबुक लाइव यह स्पष्ट करने के लिए था कि वे बोरीवली में आईसी कॉलोनी क्षेत्र की बेहतरी के लिए अपने आपसी विवाद को खत्म करके दोनों एक साथ आए हैं। अभिषेक उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी के वरिष्ठ नेता विनोद घोसालकर के बेटे थे। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि गोलीबारी की घटना की जांच शुरू कर दी गई है। शिवसेना ने मांग की कि उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस को इस्तीफा दे देना चाहिए।
कौन था मौरिस नोरोन्हा? (Who Was Mauris Noronha)
- मुंबई के बोरीवली में "मौरिस भाई" के नाम से मशहूर नोरोन्हा ने सोशल मीडिया पर खुद को एक पुरस्कार विजेता सामाजिक कार्यकर्ता, एक कोविड योद्धा और एक परोपकारी व्यक्ति बताया है।
- नोरोन्हा ने 10 फरवरी को स्थानीय निवासियों के लिए नासिक में शिशु जीसस मंदिर की यात्रा का आयोजन किया था। इस नियोजित तीर्थयात्रा का उल्लेख शिवसेना (UBT) नेता अभिषेक घोसालकर ने दुर्भाग्यपूर्ण फेसबुक लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान किया था।
- 29 जनवरी को नोरोन्हा ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर एक सिक्रेट संदेश पोस्ट किया जिसमें लिखा था, "आप ऐसे व्यक्ति को नहीं हरा सकते जो दर्द, हानि, अनादर, दिल टूटने और अस्वीकृति की परवाह नहीं करता है।"
- 2022 में मौरिस नोरोन्हा को गंभीर कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ा जब पुलिस ने उनके लिए लुकआउट नोटिस जारी किया। आरोपों में 48 वर्षीय महिला को ब्लैकमेल करना, बलात्कार, धोखाधड़ी और धमकी देना शामिल है।
- हालांकि आरोप 2014 के हैं, लेकिन शिकायत 2022 में दर्ज की गई, जिसके कारण मामले के सिलसिले में नोरोन्हा की गिरफ्तारी हुई।