World Cup 2023: वनडे वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट टीम बुधवार को सात साल में पहली बार भारत के दौरे पर पहुंची। बाबर आजम की अगुवाई वाली पाकिस्तानी क्रिकेट टीम (Pakistan Cricket Team) कड़ी सुरक्षा के बीच हैदराबाद एयरपोर्ट पहुंची। भारत पहुंचने पर पाक टीम का एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। पाकिस्तानी खिलाड़ी जब एयरपोर्ट पर पहुंचे तो भारतीय क्रिकेट फैंस ने टीम के कप्तान बाबर आजम और अन्य खिलाड़ियों का शानदार ग्रैंड वेलकम किया। दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक राजनीतिक तनाव के बावजूद भारतीय क्रिकेट फैंस ने पड़ोसी खिलाड़ियों के प्रति अपना असीम प्यार दिखाया।
एयरपोर्ट से लेकर होटल तक पाक खिलाड़ियों की मेहमाननवाजी में कोई कमी नहीं रखी गई। लेकिन इसके 24 घंटे भी नहीं हुए कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन जका अशरफ (PCB Chairman Zaka Ashraf) ने भारत के खिलाफ जहर उगल दिया। भारतीय फैंस के गर्मजोशी भरे स्वागत के बावजूद उन्होंने PCB के कॉन्ट्रैक्ट की घोषणा के दौरान भारत को 'दुश्मन मुल्क' बता दिया। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में अशरफ को पाकिस्तानी खिलाड़ियों के टूर्नामेंट के लिए 'दुश्मन मुल्क' जाने के बारे में बात करते हुए सुना गया।
वायरल वीडियो में अशरफ कह रहे हैं, 'प्यार और मोहब्बत से हमने अपने खिलाड़ियों को कॉन्ट्रैक्ट्स दिए हैं। पाकिस्तान की हिस्ट्री में इतने पैसे कभी नहीं मिले, जितने मैंने उनको (पाकिस्तानी खिलाड़ियों को) दिए। क्योंकि मेरा मकसद एक ही था कि हमारे जितने प्लेयर्स हैं, उनका मनोबल ऊंचा होना चाहिए। जब ये 'दुश्मन मुल्क' में या किसी भी जगह खेलने जाएं। जहां ये प्रतियोगिता हो रही है...।' इतने पर ही वायरल वीडियो खत्म हो जाता है।
अशरफ के बयान का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वायरल हो गया है। अब दोनों देशों के क्रिकेट फैंस विवादास्पद टिप्पणी के लिए PCB चेयरमैन की आलोचना कर रहे हैं। बता दें कि भारत में हुए भव्य स्वागत का पाकिस्तानियों को भी भरोसा ही नहीं हो रहा है। भारतीयों की मेहमाननवाजी से पाकिस्तानी क्रिकेट फैंस फूले नहीं समां रहे हैं। सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी यूजर्स भारत को इस ग्रैंड वेलकम के लिए धन्यवाद कर रहे हैं।
पाक टीम के कप्तान बाबर आजम, स्टार गेंदबाज शाहीन अफरीदी और विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान उन खिलाड़ियों में शामिल थे, जिन्होंने सोशल मीडिया पर भारतीय अधिकारियों के साथ-साथ इंडियन फैंस को भी धन्यवाद दिया। भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण रिश्तों के चलते दोनों टीमें एशिया कप और ICC टूर्नामेंट में एक दूसरे से खेलती हैं। केवल मोहम्मद नवाज और सलमान अली आगा क्रिकेट के लिए भारत का दौरा कर चुके हैं। बाबर आजम चोट के कारण 2016 में भारत में T-20 विश्व कप में खेले थे।