सोशल मीडिया पर हर रोज अलग-अलग तरह के वीडियो वायरल होते रहते हैं। इनमें कुछ वीडियो चौंकाने वाले होते हैं, वहीं कुछ लोगों का दिल जीत लेते हैं। इसी कड़ी में देश के दो प्रमुख प्रोफेशनल प्रतिद्वंदी जोमैटो के डिलीवरी बॉय (Zomato delivery boy) और स्विगी राइडर (Swiggy rider) का ऐसा वीडियो सामने आया है, जो लोगों के बीच छाया हुआ है। आलम ये है कि लोग इस वायरल वीडियो को बार-बार देखते हुए दोनों की 'खूबसूरत दोस्ती' की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
दरअसल, ऑनलाइन वायरल हो रहे एक वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे एक स्विगी राइडर ने दिल्ली की उमस भरी भीषण गर्मी में साइकिल से ऑर्डर पहुंचाने जा रहे जोमैटो डिलीवरी मैन की मदद की।
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए फुटेज में दिख रहा है कि मोटरसाइकिल से जा रहे स्विगी डिलीवरी मैन ने जब देखा कि जोमैटो बॉय भीषण गर्मी में साइकिल से जा रहा है तो उसने उसका हाथ पकड़ लिया और अपने साथ लेकर जाने लगा। इस वजह से Zomato डिलीवरी एजेंट को राष्ट्रीय राजधानी की भीषण गर्मी में पेडल नहीं मारना पड़ा।
इंस्टाग्राम यूजर Sannah Arora ने फोटो और वीडियो शेयरिंग प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर फुटेज शेयर करते हुए लिखा, "दिल्ली के इन बेहद भीषण गर्मी और असहनीय दिनों में देखी गई सच्ची दोस्ती!" उन्होंने अपने पोस्ट में देश के दोनों प्रमुख फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म स्विगी और जोमैटो को टैग किया।
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर अब तक 15 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है। वहीं, सैकड़ों कमेंट्स के साथ ये वीडियो अब इंस्टाग्राम के अलावा अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी वायरल हो चुका है। सोशल मीडिया पर सैकड़ों यूजर्स ने स्विगी डिलीवरी एजेंट की प्रशंसा की है।
एक यूजर ने लिखा कि जिंदगी में सबसे अच्छी चीज मैंने आज देखी है। एक यूजर्स ने लिखा कि काम में प्रतिद्वंदी और मानवता से एकजुट...। आपको बता दें कि पिछले दिनों साइकिल पर ऑर्डर देने जा रहे एक जोमैटो डिलीवरी एजेंट के लिए यूजर्स पैसे जुटाने के लिए एक साथ आए थे।
Zomato के CEO दीपिंदर गोयल ने पिछले साल घोषणा की थी कि कंपनी साइकिल पर सभी ऑर्डर का 20% डिलीवर कर रही है। दिल्ली जैसे भीड़-भाड़ वाले शहरों में यह संख्या 35% तक है। हालांकि, सोशल मीडिया पर भीषण गर्मी में साइकिल चलाने को लेकर कंपनी की आलोचना भी होती रहती है।