न्यूज एंकर रोहित सरदाना का हार्ट अटैक से निधन, कोरोना वायरस से भी संक्रमित थे

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत तमाम केंद्रीय मंत्रियों, नेताओ और पत्रकारों ने उनके निधन पर ट्वीट कर शोक जताया है

अपडेटेड Apr 30, 2021 पर 2:30 PM
Story continues below Advertisement

जाने-माने टीवी न्यूज पत्रकार रोहित सरदाना (Rohit Sardana) का हार्ट अटैक से निधन हो गया है। वह कोरोना वायरस से भी संक्रमित थे। नोएडा के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। Zee News के एडिटर इन चीफ सुधीर चौधरी ने एक ट्वीट के जरिए उनके असामयिक निधन की जानकारी दी। उनके निधन की खबर सुनकर मीडिया जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। कई केंद्रीय मंत्रियों, नेताओ और पत्रकारों ने उनके निधन पर ट्वीट कर शोक जताया है। 2018 में रोहित सरदाना को गणेश शंकर विद्यार्थी पुरस्कार से नवाजा गया था।

लंबे समय तक जी न्यूज में एंकर रहे रोहित सरदाना इन दिनों आज तक न्यूज चैनल में एंकर के तौर पर कार्यरत थे। सुधीर चौधरी ने ट्वीट किया, अब से थोड़ी पहले जितेंद्र शर्मा का फोन आया। उसने जो कहा सुनकर मेरे हाथ कांपने लगे। हमारे मित्र और सहयोगी रोहित सरदाना की मृत्यु की खबर थी। ये वायरस हमारे इतने क़रीब से किसी को उठा ले जाएगा ये कल्पना नहीं की थी। इसके लिए मैं तैयार नहीं था। यह भगवान की नाइंसाफी है...। ॐ शान्ति। रोहित सरदाना आजतक पर शाम को प्रसारित होने वाले डिबेट शो दंगल की वह एंकरिंग करते थे।

रोहित सरदाना के निधन को लेकर वरिष्ठ पत्रकार एंकर राजदीप सरदेसाई ने ट्विटर पर लिखा कि बहुत ही भयानक समाचार है। जाने-माने टीवी न्यूज एंकर रोहित सरदाना का निधन हो गया है। आज सुबह दिल का दौरा पड़ा। उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना। वहीं, आजतक मीडिया संस्थान से जुड़े पत्रकार चित्रा त्रिपाठी ने लिखा कि हंसता-खेलता परिवार, दो छोटी बेटियां। उनके लिए इस दंगल को हारना नहीं था रोहित सरदाना जी। आज सुबह चार बजे नोएडा के निजी अस्पताल में ICU में आपको ले जाया गया और दिन चढ़ने के साथ ये बहुत बुरी खबर। कुछ कहने को अब बचा ही नहीं।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।