UP Weather: उत्तर प्रदेश में मौसम के बदलने का सिलसिला जारी है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के मिजाज अलग अलग नजर आ रहे हैं। कहीं चिलचिलाती धूप से लोगों के हाल बेहाल हैं तो कहीं ठंडी हवाएं लोगों को राहत दे रही हैं। कानपुर में मंगलवार देर शाम आंधी के बाद बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया। वहीं आज बुधवार की सुबह उमस भरी गर्मी से शुरुआत हुई। प्रदेश के कई जिलों में अगले दो दिन तक आंधी बारिश की आशंका जताई गई है। इसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 29 मई को एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हुआ है। इसके चलते उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिलों में आंधी और बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में इसका असर नहीं पड़ेगा और वहां तापमान में एक से दो डिग्री तक की बढ़त दर्ज की जा सकती है।
मई महीने में सबसे कम गर्मी
इस बार गर्मी के मौसम में कई इलाकों में बारिश की दर्ज की गई है। इसकी वजह से पिछले 53 सालों में पहली बार मई महीने में बहुत कम गर्मी पड़ी है। मौसम विभाग के एक्सपर्ट्स का मानना है कि साल 1970 में मई महीने में 10 बार तो 1973 में 25 बार अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। जबकि 2023 में मई महीने में 40 डिग्री से ऊपर तापमान कम ही गया। वहीं मौसम विभाग ने जून के पहले हफ्ते में बेहतर मौसम रहने की उम्मीद जताई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।
इन जिलों के लिए येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बागपत, मेरठ, हापुड़, गाजियाबाद, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, हाथरस जिलों के लिए आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
दो जून के बाद बढ़ेगी गर्मी
प्रदेश में 2 जून के गर्मी में इजाफा हो सकता है। इस दौरान गर्म हवाएं चल सकती हैं। बुधवार को अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस था।