Uttarakhand Flood: उत्तराखंड में फिर से आई तबाही, टिहरी में बादल फटा, 2 की मौत, केदारनाथ में 200 लोग फंसे

Cloudbursts in Uttarakhand: देव भूमि उत्तराखंड में प्रकृति का कहर जारी है। मूसलाधार बारिश से टिहरी जिले के घनसोली में बादल फटने की खबर सामने आई है। इससे दो लोगों की मौत हो गई है। राज्य में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। वहीं चार धाम यात्रा पर गए 200 श्रद्धालु केदारनाथ में फंस गए हैं

अपडेटेड Aug 01, 2024 पर 9:33 AM
Cloudbursts in Uttarakhand: केदारनाथ में भारी बारिश हो रही है। जिससे मंदिर को पूरी तरह से खाली करा लिया गया है।

देवभूमि में एक बार फिर से बारिश आफत बनकर आई है। राज्य में दो दिन से मूसलाधार बारिश हो रही है। इससे कई जगह बादल फटने की खबर सामने आई है। लैंडस्लाइड घटनाएं भी सामने आई हैं। सूबे के टिहरी जिले के घनसोली में बादल फटने से दो लोगों की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान 50 साल के भानु प्रसाद और उनकी पत्नी 45 साल की नीलम देवी के रूप में हुई है। वहीं चारधाम यात्रा पर केदारनाथ धाम गए करीब 200 यात्री फंस गए हैं। इनको निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया है।

घनसाली के जखन्याली में बादल फटने के कारण नौतार नाले के पास एक भोजनालय और एक पुलिया बह गई है। इसकी वजह से एक शख्स घायल हो गया है। घायल की पहचान 28 साल के विपिन के रूप में हुई है। विपिन को काफी चोटें आई हैं। जाने से उनके 28 वर्षीय बेटे विपिन को चोटें आईं। भीम बाली नाले के पास भी बादल फटा है। इससे यहां लैंडस्लाइड हुआ और करीब 25 मीटर तक रास्ता खराब हो गया है। रास्ते में बड़े-बड़े बोल्डर आ गए हैं। 200 यात्रियों को भीमबली GMVN में सुरक्षित रोका गया है।

मंदाकिनी का जल स्तर बढ़ा


केदारनाथ पैदल मार्ग के साथ ही भीम बाली नाले के पास भी बादल फटा है। इससे यहां लैंडस्लाइड हुआ और करीब 25 मीटर तक रास्ता खराब हो गया है। SDRF, जिला पुलिस और स्थानीय अधिकारियों समेत इमरजेंसी सेवाएं बादल फटने के बाद मौके पर पहुंच गई। फंसे हुए तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। भीम बाली बादल फटने की घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं आई है। वहीं गौरीकुंड में लगातार भारी बारिश की वजह से गरम कुंड बह गया है। प्रशासन ने गौरीकुंड को खाली कर दिया है। वहीं मंदाकिनी का जल स्तर अचानक तेजी से बढ़ गया है। NDRF, SDRF, पुलिस और अस्पतालों समेत अन्य इमरजेंसी सेवाएं हाई अलर्ट पर हैं।

CM धामी ने आपदा सचिव से ली जानकारी

इस बीच राज्य के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने देर रात सचिव आपदा से भी जानकारी ली है। वो खुद इस प्राकृतिक आपदा पर अपनी नजर बनाए हे हैं। उत्तराखंड DGP अभिनव कुमार ने एक लेटर जारी किया है। जिसमें कहा गया है कि मौसम विभाग ने उत्तराखंड के ज्यादातर जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। उन्होंने लोगों को घर पर रहने की सलाह दी है। वहीं यात्रियों को कुछ देर रुकने के बाद अपनी यात्रा जारी करने की सलाह दी है।

उत्तराखंड के इन जिलों में बारिश का रेड अलर्ट

उत्तराखंड क्षेत्रीय मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए राज्य के सात जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट बीते मंगलवार रात से ही था। मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, हरिद्वार, उधम सिंह नगर और चंपावत जिलों के अलग-अलग इलाकों में भारी भारी बारिश की आशंका जताई है।

भारी बारिश की वजह से 1 अगस्त को दिल्ली के सभी स्कूल बंद रहेंगे, मौसम विभाग ने दी घरों में रहने की सलाह

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।