Rainfall Forecast: इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने शुक्रवार और शनिवार के बीच उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में कई जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। यूपी की राजधानी लखनऊ में पिछले 24 घंटों से लगातार हो रही बारिश के चलते दीवार ढहने की घटना में 9 लोगों की मौत हो गई है।
जिला प्रशासन ने शुक्रवार को 12वीं कक्षा तक के सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रखने का निर्देश जारी किया है। IMD के अनुसार अगले दो तीन दिन तक ओडिशा, महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र और गोवा में भारी बारिश का अनुमान है।
लखनऊ में बारिश ने ली 9 लोगों की जान
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के दिलकुशा इलाके में भारी बारिश के कारण एक आर्मी एन्क्लेव की चारदीवारी गिरने से कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई। संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) पीयूष मोर्डिया ने बताया कि कुछ मजदूर दिलकुशा इलाके में आर्मी एन्क्लेव के पास झोपड़ियों में रह रहे थे।
उन्होंने बताया कि रात भर भारी बारिश के कारण आर्मी एन्क्लेव की चारदीवारी ढह गई। मोर्डिया ने कहा कि हम घटनास्थल पर देर रात तीन बजे पहुंचे। नौ शव मलबे से निकाले गए। एक व्यक्ति को बचा लिया गया। उन्होंने बताया कि मलबे से जीवित निकाले गए व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आज दिल्ली में गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना
IMD द्वारा शुक्रवार सुबह 9 बजे जारी किए गए पूर्वानुमान के अनुसार, आज दिन में राजधानी के इंडिया गेट क्षेत्र, लोधी रोड, डिफेंस कॉलोनी और लाजपत नगर सहित दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। IMD के मुताबिक, दिल्ली-NCR में शुक्रवार को हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। साथ ही शहर के कुछ हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे।
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। गुरुवार को हुई हल्की बारिश और तेज हवाओं ने शुक्रवार तड़के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है।
पिछले 24 घंटों में शहर में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। कल यानी शनिवार को भी आसमान में बादल छाए रहने के साथ बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान दिल्ली के कुछ इलाकों में आंधी या ओले गिरने का अनुमान है।
पुणे के घाट इलाकों में 'ऑरेंज' अलर्ट जारी
IMD ने कहा है कि पुणे जिले के घाट क्षेत्र शुक्रवार को 'ऑरेंज' अलर्ट पर रहेंगे। संभवत: पुणे शहर के कई इलाकों में बहुत भारी बारिश (24 घंटों में 115.5 मिमी से 204.4 मिमी) हो सकती है। मौसम विभाग ने कहा कि शुक्रवार को मध्यम तीव्रता की बारिश होगी और पूरे दिन बादल छाए रहेंगे। गुरुवार की रात से शहर में बारिश जारी है। शुक्रवार सुबह स्कूल और ऑफिस जाने के दौरान सुबह 7 बजे से तेज बारिश के कारण मुख्य सड़कों पर वाहनों का यातायात आंशिक रूप से प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि बिहार में अगले सात दिनों तक लगातार मानसून सक्रिय रहेगा। इस दौरान प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में झमाझम बारिश होगी। इसे लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है।
IMD पटना के मुताबिक, बिहार के पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, सुपौल, अररिया, किशनगंज समेत 12 जिलों में आज भारी बारिश होने के आसार है। इस दौरान बिहार के पूर्वी एवं दक्षिण पूर्वी हवा का प्रवाह 12 से 15 किमी प्रतिघंटा रहेगा।
मुंबई में हल्की बारिश के आसार
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में गुरुवार को भारी बारिश के कारण कुछ निचली जगहों पर जलजमाव हो गया लेकिन शुक्रवार सुबह बारिश धीमी होने के साथ ही वर्षा का पानी निकल गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान मुंबई और उपनगरीय क्षेत्रों में आसमान साफ रहने और हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया है। विभाग ने कहा कि कुछ इलाकों में भारी से बेहद भारी बारिश होने का अनुमान है।