Weather Update: देश के ज्यादातार राज्यों में गर्मी ने दस्तक दे दी है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में फरवरी का महीना काफी गर्म महसूस हो रहा है। लोगों के गर्मी से हाल बेहाल हैं। वहीं देश की राजधानी दिल्ली में भी लोग गर्मी से जूझ रहे हैं। कुछ राज्यों में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इस बीच मौसम विभाग ने कहा है कि ताजा पश्चिमी विक्षोभ 28 फरवरी से एक्टिव होगा। जिसका असर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों पर नजर आएगा। IMD के मुताबिक, 28 फरवरी से 02 मार्च तक कई पहाड़ी इलाकों में बारिश या बर्फबारी देखने को मिल सकती है।
देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 13 डिग्री और अधिकतम तापमान 32 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। वहीं, आज दिल्ली में आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। 1 मार्च को राजधानी दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है।
इन राज्यों में बढ़ सकती है गर्मी
दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान, ओडिशा, तेलंगाना और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में तापमान 35-37 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। वहीं गुजरात, महाराष्ट्र और केरल का भी यही हाल है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department-IMD) के मुताबिक पंजाब, हरियाणा दिल्ली, यूपी और राजस्थान के कई हिस्सों में तापमान 30-32 डिग्री सेल्सियस के दायरे में रह सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि इन राज्यों में तापमान 3-5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। वहीं उत्तर प्रदेश में सुबह और शाम हल्का सर्द मौसम बना रहता है। जबकि दोपहर में तेज धूप निकल रही है। जिसकी तपिश अब महसूस होने लगी है।
इन राज्यों में बारिश और बर्फबारी
पश्चिमी विक्षोभ के असर से पंजाब से हिमाचल प्रदेश तक बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, 28 फरवरी से 02 मार्च तक पंजाब में बारिश हो सकती है। वहीं हरियाणा, चंडीगढ़ में 01 और 02 मार्च को बारिश हो सकती है। अगले 24 घंटे में गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।