IMD Alert: इस सप्ताह गर्मी और लू से मिलेगी राहत, दिल्ली सहित इन राज्यों में बारिश के आसार

IMD Alert: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शाम को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग की ओर से जारी फोरकास्ट में कहा गया है कि 25 और 26 अप्रैल को मौसम शुष्क बना रहेगा

अपडेटेड Apr 25, 2023 पर 4:17 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Weather Update: इस महीने के अंत तक देश में लू की स्थिति लौटने की संभावना नहीं है

Weather Update: मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने कहा है कि इस महीने के अंत तक देश में लू (heatwave) की स्थिति लौटने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार से उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में नए सिरे से बारिश होने की उम्मीद है। IMD के अनुसार, रविवार को उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान 36 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा, जबकि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को छोड़ कर देश के शेष हिस्सों में यह 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में यह 15 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

पीटीआई के मुताबिक, मौसम विभाग ने कहा, ‘‘अगले सात दिनों के दौरान देश में लू की स्थिति रहने की संभावना नहीं है।’’ IMD ने कहा कि 26 अप्रैल से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में और 28 अप्रैल से उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में बारिश होने का पूर्वानुमान है।

IMD ने मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना और मध्य प्रदेश तथा छत्तीसगढ़ के दक्षिणी जिलों में 25 अप्रैल से 27 अप्रैल तक गरज के साथ बारिश होने या ओलावृष्टि होने का भी पूर्वानुमान जताया है। इसके अलावा तमिलनाडु और केरल में अगले तीन-चार दिनों तक गरज के साथ बारिश जारी रहने की संभावना है।


मौसम विभाग के अनुसार, तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में 24 अप्रैल को, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 28 अप्रैल को, केरल में 24 अप्रैल से 27 अप्रैल के दौरान और तेलंगाना में 27 अप्रैल को छिटपुट स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।

ये भी पढ़ें- ​Wrestlers Protest: WFI प्रमुख बृजभूषण की बढ़ी मुश्किलें, सुप्रीम कोर्ट ने यौन उत्पीड़न मामले में दिल्ली पुलिस से मांगा जवाब

मौसम एजेंसी ने अपने साप्ताहिक फोरकास्ट में बताया कि तेलंगाना में 24 से 26 अप्रैल, मध्य महाराष्ट्र में 25 से 27 अप्रैल, दक्षिण छत्तीसगढ़ में 25-26 अप्रैल तक और पूर्व मध्य प्रदेश में 26 अप्रैल को कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हो सकती है।

दिल्ली का मौसम

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शाम को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग की ओर से जारी फोरकास्ट में कहा गया है कि 25 और 26 अप्रैल को मौसम शुष्क बना रहेगा। जबकि 27 अप्रैल को तापमान 40 डिग्री के आस-पास रह सकता है। इसके बाद 28 अप्रैल तक मौसम में बदलाव होगा और कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।