Weather Update: देश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। कहीं गर्मी पड़ रही है तो कहीं गुलाबी ठंड पड़ रही है। वहीं कुछ इलाकों में बारिश हो रही है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और NCR में अभी से ही तापमान 32 के पार पहुंच गया है। कई राज्यों में तो फरवरी में ही मार्च वाली गर्मी पड़ने लगी है। आने वाले समय में ये गर्मी लोगों को और ज्यादा सताएगी। मौसम विभाग का कहना है कि इस बार लू की शुरुआत समय से पहले शुरू हो सकती है। अभी से ज्यादा गर्मी पड़ने पर गेहूं की फसल को नुकसान पहुंच सकता है।
देश की राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 32 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। इस दौरान आसमान बिल्कुल साफ रहेगा। बारिश की गुंजाइश बेहद कम है। वहीं, लखनऊ में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और अधिकतम तापमान 30 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।
इन राज्यों में बढ़ सकता है पारा
मौसम विभाग के मुताबिक, तेलंगाना, आतंरिक आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र, गुजरात के कुछ हिस्से, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री के आसपास रह सकता है। वहीं उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के राज्यों में तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। वहीं राजस्थान में रविवार को सबसे ज्यादा तापमान चूरू जिले में दर्ज किया गया और अधितकम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रहा। हाल ही एक्टिव हुए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से कई जिलों में तापमान में गिरावट आई थी, लेकिन मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, राजस्थान में एक्टिव पश्चिमी विक्षोम का असर कम होने के बाद एक बार फिर गर्मी बढ़ने की आशंका है।
इन राज्यों में हो सकती है बारिश
अगले 24 घंटों के दौरान गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्य बारिश हो सकती है। वहीं, पंजाब, उत्तरी हरियाणा और दक्षिण तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।
बिहार में गर्मी शुरू हो गई है। कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मार्च महीने में अधिकतम तापमान में और अधिक बढ़ोतरी का अनुमान है। पटना मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 4-5 दिन में गर्मी और बढ़ सकती है। तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।