Today Weather Alert: उफान पर हैं नदियां, बारिश के साथ बर्बादी, उत्तर भारत में 53 लोगों की मौत

Today Weather Alert: उत्तर भारत में लगातार बारिश का कहर जारी है। मूसलाधार बारिश की वजह से कई राज्यों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई जगह लैंड स्लाइड की घटनाएं भी सामने आई हैं। दिल्ली में भी यमुना का जलस्तर बढ़ गया है। वहीं, उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू कश्मीर में बारिश ने सबसे ज्यादा तबाही मचाई है

अपडेटेड Jul 10, 2023 पर 2:06 PM
Weather Update: भारी बारिश की वजह से पूरे उत्तर भारत में अब तक 53 लोगों के मौत की खबर सामने आई है

Today Weather Alert: उत्तर भारत में लगातार हो रही बारिश से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। हालत ये हैं कि पहाड़ हो या मैदान... हर जगह सिर्फ पानी ही पानी नजर आ रहा है. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड से लेकर दिल्ली NCR तक हर तरफ हो रही मूसलाधार बारिश आफत बन गई है। हर तरफ सिर्फ तबाही का मंजर नजर आ रहा है। दिल्ली में सड़कें तालाब का रूप लेती जा रही है। वहीं उत्तराखंड-हिमाचल में लैंड स्लाइड की घटनाएं सामने आ रही हैं। उत्तर भारत में बारिश और बाढ़ से जुड़ीं घटनाओं में 53 लोगों की मौत की खबर है। इनमें सिर्फ उत्तर प्रदेश में 34 लोगों की मौत हो गई है।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, कई राज्यों में सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है। दिल्ली एनसीआर में बारिश को देखते हुए सोमवार को स्कूल बंद कर दिए गए हैं। मैदानी इलाकों में लोग बारिश की वजह से जलजमाव की समस्या से जूझ रहे हैं। वहीं कई लोग बिजली की चपेट में भी आ गए हैं।

उत्तर प्रदेश में बारिश से 34 लोगों की मौत


उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से पिछले 24 घंटों में 34 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। राज्य के सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनहानि पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को तत्काल 4-4 लाख रुपये की राहत राशि देने का ऐलान किया है। वहीं कई प्राकृतिक आपदाओं में घायल हुए लोगों के इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। बागपत, इटावा, उन्नाव, आगरा और बलिया में एक-एक लोगों की बिजली गिरने से मौत हो गई है। वहीं जालौन, कानपुर देहात, कन्नौज, गाजीपुर बिजली गिरने से 2 लोगों की मौत हो गहई है। इसके साथ ही मैनपुरी में बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत की खबर सामने आई है।

Delhi Rain: मानसून की पहली भारी बारिश में पानी-पानी हुई दिल्ली, 41 साल का टूटा रिकार्ड

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में बाढ़ जैसे हालात

मुरादाबाद में लगातार हो रही बारिश की वजह से ढेला नदी का जलस्तर बढ़ गया है। इससे कई गांवों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। ढेला नदी का पानी मुरादाबाद - विवेकानंद पुल- काशीपुर रोड पर इस्लाम नगर, काफियाबाद के पास सड़क के ऊपर से बह रहा है। रोड पर करीब 200 मीटर से अधिक हिस्से पर ढाई फीट तक पानी होने से यहां से लोगों को आने –जाने में कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। आसपास के करीब 12 गांवों में पानी घुस गया है। खेतों में करीब 2-3 फीट तक पानी भर गया है। क्षेत्र के काफियाबाद, घोसीपुरा, खैय्या खद्दड़, शाहपुर गनीनगर, अक्का, मंसूमपुर, पीपलसाना, कोनी का मजरा, लालूवाला, त्रिलोकपुर, कोनी, इस्लामनगर समेत 12 से अधिक गांवों में ढेला नदी का पानी घुसने से बाढ़ जैसे हालात हैं।

बारिश से उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट जारी

उत्तराखंड के कई जिलों में मौसम विभाग ने आगामी तीन दिनों तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। त्तरकाशी, हरिद्वार, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, नैनीताल में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। रुद्रप्रयाग और चमोली में अलकनंदा, मंदाकिनी खतरे के निशान के ऊपर है। SDRF-NDRF की 34 कंपनियां तैनात की गई हैं। अभी तक राज्य में 9 लोगों के मौत हो गई है। देहरादून, उत्तरकाशी, नैनीताल, अल्मोड़ा और ऊधमसिंह नगर में कक्षा एक से 12 तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद कर दिए गए है। उत्तरकाशी और देहरादून में 10 जुलाई , ऊधमसिंह नगर में 10 और 11 जुलाई, अल्मोड़ा में तीन दिन 10 से 12 जुलाई और नैनीताल में 10 से 13 जुलाई तक 4 दिन की छुट्टी का ऐलान किया गया है।

इन राज्यों में भारी बारिश की आशंका

मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों में पश्चिम बंगाल और सिक्किम, असम और मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मणिपुर में बहुत भारी बारिश की आशंका जताई है। ओडिशा में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। झारखंड में 10-12 जुलाई के बीच भारी बारिश हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में सोमवार से अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, और बिहार में 11-13 जुलाई तक मूसलाधार बारिश की आशंका जताई गई है।

हिमाचल के चंबा जिले में बारिश से जनजीवन प्रभावित

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही है। इससे जनजीवन पर असर पड़ा है। नदियां और नाले उफान पर हैं। रावी नदी उफान पर है। नदी के पास स्थित कई घर पानी में डूब गए हैं। मलबे और चट्टानों के कारण पठानकोट-भरमौर एनएच बंद कर दिया गया है। रावी, ब्यास, सतलुज, स्वान और चिनाब सहित सभी प्रमुख नदियाँ उफान पर हैं।

जम्मू-कश्मीर में रेड अलर्ट जारी

जम्मू-कश्मीर के कठुआ और सांबा जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इससे अमरनाथ यात्रा को दिन के लिए रोक दिया गया था। हालांकि इसे फिर से शुरू कर दिया गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।