Delhi Weather: इस साल का मई महीना 36 साल में सबसे ठंडा रहा, जून में भी मौसम रहेगा मेहरबान

Delhi Weather: दिल्‍ली सहित पूरे उत्‍तर भारत में मई में आम तौर पर भीषण गर्मी पड़ती है और औसत अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाता है। लेकिन इस बार क्‍लाइमेट चेंज के चलते दिल्ली में 36 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया है। जी हां, दिल्ली में बीते 36 साल में इस बार मई का महीना सबसे ठंडा रहा। दिल्ली में मई 1987 में औसत अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था

अपडेटेड Jun 01, 2023 पर 6:24 PM
Delhi Weather: राष्ट्रीय राजधानी में जून माह का शुरुआती दिन अपेक्षाकृत ठंडा रहा और बादल छाए रहे

Delhi Weather: वैसे तो दिल्‍ली सहित पूरे उत्‍तर भारत में मई का महीना सबसे गर्म माना जाता है। लेकिन इस बार क्‍लाइमेट चेंज के चलते दिल्ली में 36 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया है। जी हां, दिल्ली में बीते 36 साल में इस बार मई का महीना सबसे ठंडा रहा। इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने बताया कि मई में अत्यधिक बारिश के कारण औसत अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। IMD के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि दिल्ली में मई 1987 में औसत अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

श्रीवास्तव ने बताया कि इस साल मई में औसत अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 1987 के बाद से सबसे कम है। दिल्ली में मई में सिर्फ 9 दिन अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया और सिर्फ दो दिन शहर के कुछ हिस्सों में लू चली।

उन्होंने आगे बताया कि सफदरजंग वेधशाला ने इस साल पूर्व मानसून सीजन में एक भी दिन लू का चलना नहीं दर्ज किया। ऐसा 2014 के बाद पहली बार हुआ है। बता दें कि सफदरजंग वेधशाला में दर्ज तापमान को शहर का आधिकारिक तापमान माना जाता है।


सामान्य से अधिक होगी बारिश

इसके अलावा IMD ने यह भी बताया कि बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में हुई बारिश के बाद इस मानसून पूर्व अवधि में कुल 184.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है जो सामान्य बारिश से 186 प्रतिशत अधिक है। बारिश की वजह से 2020 को छोड़कर 2016 के बाद शहर में जनवरी से मई की अवधि में वायु गु‍णवत्ता अच्छी दर्ज की गई है।

मई में आम तौर पर भीषण गर्मी पड़ती है और औसत अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाता है। लेकिन इस बार मई में 111 मिमी बारिश दर्ज की गई है जो 30.7 मिमी के दीर्घकालिक औसत से 262 प्रतिशत अधिक है।

IMD के आंकड़ों के मुताबिक, 2008 में 165 मिमी, 2021 में 144.8 मिमी और 2002 में 129.3 मिमी बारिश हुई थी जिसके बाद यह चौथा साल है जब मई में सबसे ज्यादा बारिश हुई है। मौसम वैज्ञानिकों ने इसका कारण ज्यादा बार आए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस को बताया है।

AQI में सुधार

मौसम विभाग के मुताबिक, बारिश की वजह से वायु गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है। दिल्ली में इस साल जनवरी से मई की अवधि में औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 213 दर्ज किया गया, जो 2020 को छोड़कर, 2016 के बाद से सबसे कम है। पिछले साल इस दौरान AQI 237, 2021 में 235, 2020 में 181, 2019 में 236, 2018 में 242, 2017 में 251 और 2016 में 283 था।

जून का मौसम

राष्ट्रीय राजधानी में जून माह का शुरुआती दिन अपेक्षाकृत ठंडा रहा और बादल छाए रहे। न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामन्य से 6 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने बताया कि 24 घंटे के दौरान बादल छाए रहने, हल्की बारिश होने तथा तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है।

ये भी पढ़ें- Free Electricity: राजस्‍थान में 100 यूनिट तक बिजली फ्री, 200 यूनिट तक सरचार्ज और शुल्क भी माफ

जून महीने की शुरुआत में भी बारिश ने दस्तक दे दी है। गुरुवार सुबह भी दिल्ली-NCR में हल्की बूंदाबांदी हो रही थी, जिसकी वजह से पूरे हफ्ते गर्मी और हीटवेव से राहत रहेगी। इसी के साथ मौसम विभाग ने अगले 2 से 3 दिन तक दिल्ली में हल्की से तेज बारिश होने की संभावना जताई है। यानी जून में भी मौसम सुहावने बने रहने के आसार हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।