IMD Alert Today: उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अगले दो दिनों के दौरान बारिश (Rains) होने की आशंका है। इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में 29 और 30 जनवरी को बारिश होने की आशंका है। IMD के मुताबिक, 29 और 30 जनवरी को दिल्ली-NCR के अलावा पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से लेकर मध्यम बारिश होगी। मौसम विभाग के मुताबिक, 28 और 29 जनवरी को राजस्थान में, जबकि 29 जनवरी को राजधानी दिल्ली में बारिश होने की आशंका है। रविवार और सोमवार को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में भारी बारिश और बर्फबारी की आशंका है।
मौसम विभाग ने 29 और 30 जनवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में ओलावृष्टि की भविष्यवाणी की है। IMD के मुताबिक, 29 और 30 जनवरी को उत्तर पश्चिम भारत में 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवा चलने की आशंका है।
इस बीच, अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होने की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले पांच दिनों के दौरान देश के बाकी हिस्सों में भी न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव होने की उम्मीद नहीं है।
28 जनवरी को पंजाब और हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। अगले 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, असम, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। आज यानी 28 जनवरी को दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में 40-45 से लेकर 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की आशंका है।
आज कैसा है दिल्ली का मौसम?
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। जबकि एयर क्वालिटी ‘खराब’ कैटेगरी में रही। IMD के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विज्ञानियों ने आज दिन में शहर में मुख्य रूप से आसमान साफ रहने और शाम या रात में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है।