Weather Updates: देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज सुबह (9 सितंबर 2023) को हल्की बारिश हुई। जिससे दिल्ली का तापमान गिर गया। वसंत कुंज, मुनिरका, लाजपत नगर, आईएनए, नरेला समेत कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। वहीं मौसम विभाग ने आज दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना जताई है। दिल्ली में जी-20 शिखर सम्मेलन चल रहा है। दिल्ली का मौसम भी मेहमानों का स्वागत कर रहा है। वहीं मौसम विभाग ने देश के अन्य हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की आशंका जताई है। गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश हो सकती है।
आज यानी 09 सितंबर को देश की राजधानी नई दिल्ली में जी-20 समिट का पहला दिन है। दिल्ली में आज बारिश, हवा और फिर लोगों को उमस वाली गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। नई दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 27 डिग्री और अधिकतम तापमान 36 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।
महाराष्ट्र के इन जिलों में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए रविवार तक येलो अलर्ट जारी किया है। पालघर जिले में आज येलो जबकि कल के लिए ग्रीन अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, मुंबई में 9-12 सितंबर तक हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों तक पूर्वोत्तर भारत और अगले 2 दिनों तक मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात में भारी बारिश की आशंका जताई है। यूपी के मौसम की बात करें तो यहां अलग-अलग जिलों में पिछले दो दिनों से बारिश हो रही है। इस बीच मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक अभी 24 जिलों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
उत्तराखंड समेत इन राज्यों में मौसम का हाल
10 सितंबर तक तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के तटीय इलाको घाट क्षेत्रों में और 08 से 11 सितंबर के दौरान केरल और माहे में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं 10 सितंबर को मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की आशंका जताई गई है। 12 सितंबर तक असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 10 सितंबर को अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है। 9 सितंबर को उत्तराखंड के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।