Weather Updates: दिल्ली में यमुना के जलस्तर ने खतरे के निशान को किया पार, उत्तराखंड में 4 की मौत, पीएम मोदी ने सुक्खू और धामी से की बात

उत्तर भारत में मूसलाधार बारिश के कहर से देश के कई राज्य प्रभावित हुए हैं। हिमाचल प्रदेश भारी बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है, जहां बारिश से संबंधित घटनाओं में 16 या 17 लोगों की मौत हो चुकी है। उत्तराखंड में विभिन्न स्थानों पर सोमवार को भी बारिश और भूस्खलन होने से कई रूट्स पर ट्रैफिक बाधित हुआ। लगातार बारिश होने से गंगा सहित सभी प्रमुख नदियां उफान पर हैं

अपडेटेड Jul 11, 2023 पर 10:25 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Weather Updates: दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच चुका है

Weather Updates: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड सहित देश के कई राज्यों में बारिश कहर बनकर बरसी है। दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच चुका है। प्रशासन ने लोगों के लिए अलर्ट जारी किया है। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, दिल्ली के ओल्ड रेलवे ब्रिज इलाके में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। पुल पर रेलवे और ट्रैफिक की आवाजाही रोक दी गई है। इस बीच, हिमाचल प्रदेश के मंडी में चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे भूस्खलन के कारण बंद हो गया है।

वहीं, उत्तराखंड में गंगोत्री नेशनल हाईवे पर मलबा आने से चार लोगों की मृत्यु हो गई है। एसडीएम भटवाड़ी चतर सिंह चौहान और आपदा प्रबंधन टीम मौके पर मौजूद है और बचाव अभियान जारी है। एक अधिकारी ने बताया कि हादसे में कुल 3 वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। 4 लोग मृत पाए गए हैं और 7 लोग घायल हैं जिसमें से 2 की हालत गंभीर है। 3 शवों को निकाल लिया गया है, 1 शव निकालना शेष है। SDRF, पुलिस और आपदा प्रबंधन के लोग यहां मौजूद हैं। लगातार पत्थर गिरने के कारण हमें बचाव कार्य रोकना पड़ रहा है।

पीएम मोदी ने सुक्खू और धामी से की बात


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों के साथ देश के विभिन्न हिस्सों में अत्याधिक बारिश से पैदा हुई स्थिति की समीक्षा की। बाद में पीएम मोदी ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात की। पीएम ने उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। यह जानकारी आधिकारिक सूत्रों ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को दी।

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने एक ट्वीट में कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों से बात की और भारत के कुछ हिस्सों में अत्यधिक बारिश के मद्देनजर पैदा हुई स्थिति की समीक्षा की। स्थानीय प्रशासन, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की कई टीम प्रभावित लोगों की सकुशलता सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही हैं।"

उत्तर भारत बारिश से प्रभावित

उत्तर भारत में मूसलाधार बारिश के कहर से देश के कई राज्य प्रभावित हुए हैं। हिमाचल प्रदेश भारी बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है, जहां भूस्खलन से चार और लोगों की मौत हो गई तथा 200 से ज्यादा लोग फंसे हैं। सुक्खू ने कहा कि पिछले दो दिन में राज्य में बारिश से संबंधित घटनाओं में 16 या 17 लोगों की मौत हुई है।

उत्तराखंड में विभिन्न स्थानों पर सोमवार को भी बारिश और भूस्खलन होने से कई रूट्स पर ट्रैफिक बाधित हुआ। लगातार बारिश होने से गंगा सहित सभी प्रमुख नदियां उफान पर हैं। हरिद्वार में सुबह आठ बजे गंगा नदी का जलस्तर 292 मीटर दर्ज किया गया जो खतरे के स्तर 294 मीटर से केवल दो मीटर नीचे है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।