Weather Updates April: इन राज्यों में अप्रैल में भी जारी रहेगी भीषण गर्मी और लू का प्रकोप, IMD ने बारिश की भी जारी की चेतावनी

IMD ने कहा कि लंबे समय तक सूखे के कारण उत्तर पश्चिम भारत में गर्म मौसम की स्थिति 'गंभीर' हो गई है, विभाग के मुताबिक, उत्तर पश्चिम, मध्य और पश्चिम भारत में लू का प्रकोप अगले 4-5 दिनों तक जारी रहने की संभावना है

अपडेटेड Apr 01, 2022 पर 11:48 AM
Story continues below Advertisement
दिल्ली में लू का प्रकोप इस महीने भी बरकरार रहने की उम्मीद है

Weather Updates April: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि राष्ट्रीय दिल्ली सहित देश के कुछ राज्यों में अप्रैल महीने में भी भीषण गर्मी पड़ेगी। इस महीने लू का भी प्रकोप बरकरार रहने की उम्मीद है। IMD ने 3 अप्रैल से 6 अप्रैल के बीच विभिन्न राज्यों में भीषण गर्मी की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग ने कहा कि उत्तर पश्चिम, मध्य भारत और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में अप्रैल में सामान्य से अधिक तापमान रहने की उम्मीद है।

इसके अलावा IMD ने अगले चार दिनों के लिए भीषण गर्मी की स्थिति के लिए श्रम मंत्रालय, बिजली मंत्रालय और फायर डिपार्टमेंट सहित अन्य विभागों के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अपनी एडवाइजरी में बिजली मंत्रालय को बिजली कटौती की नियमित जांच करने और उचित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सतर्क किया है।

IMD का अलर्ट


IMD के अधिकारियों ने कहा कि लंबे समय तक सूखे के कारण उत्तर पश्चिम भारत में गर्म मौसम की स्थिति 'गंभीर' हो गई है। विभाग के मुताबिक, उत्तर पश्चिम, मध्य और पश्चिम भारत में लू का प्रकोप अगले चार से पांच दिनों तक जारी रहने की संभावना है।

ये भी पढ़ें- DD FreeDish 43 मिलियन से अधिक घरों तक पहुंचने वाला देश का सबसे बड़ा DTH प्लेटफॉर्म बना

IMD ने कहा कि उत्तर पश्चिम, मध्य और पश्चिम भारत (दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, बिहार और पंजाब) के कुछ जिलों में अगले चार दिन के दौरान भीषण लू चलने की संभावना है। हालांकि, मौसम विभाग ने कहा कि एक अप्रैल से उत्तर पश्चिम भारत में लू की तीव्रता कम हो जाएगी।

40 डिग्री तक जाएगा पारा

मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान तापमान 39 डिग्री तक बढ़ने वाला है और यह 40 डिग्री तक भी पहुंच सकता है। इसके अलावा, भारत के कई राज्यों में अप्रैल में औसत की सामान्य बारिश होने की उम्मीद है। IMD ने कहा कि उत्तर पश्चिम और मध्य भारत और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में अप्रैल में सामान्य से कम बारिश होने की उम्मीद है।

मौसम निगरानी एजेंसी ने अप्रैल 2022 के लिए सामान्य (लंबी अवधि का 89-111%) बारिश की भविष्यवाणी की है। मौसम कार्यालय ने कहा कि दक्षिण प्रायद्वीप के कई हिस्सों, मध्य भारत के पश्चिमी हिस्सों और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य से सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है।

एक, तीन और चार अप्रैल को अरुणाचल प्रदेश और असम-मेघालय क्षेत्र में अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। बता दें कि तटीय प्रायद्वीपीय क्षेत्रों को छोड़कर, लगभग पूरे भारत में मार्च में काफी कम बारिश हुई।

दिल्ली का हाल

मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली के कुछ हिस्सों में मार्च महीने में भीषण गर्मी पड़ी और अधिकतम तापमान तीन स्थानों पर 41 डिग्री को पार कर गया। दिल्ली में लू का प्रकोप इस महीने भी बरकरार रहने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार, मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक या सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक होने पर गर्म हवाओं को ‘लू’ घोषित किया जाता है। सामान्य से 6.4 डिग्री अधिक तापमान होने पर ‘भीषण लू’ की घोषणा की जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।