Weather Updates: देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज सुबह की शुरुआत झमाझम बारिश से हुई। नोएडा, गाजियाबाद समेत NCR के कई इलाकों में बारिश देखने को मिली। इससे दिल्ली वासियों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन उमस बढ़ गई। पूरे उत्तर भारत में बारिश का अनुमान लगाया गया है। हिमाचल प्रदेश में तेज बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, यहां कुछ क्षेत्रों के लिए अगले दो दिन तक रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक दिल्ली में बारिश की संभावना जताई है।
दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। वहीं कल यानी 24 अगस्त को भी दिल्ली में बारिश की संभावना है। आईएमडी के मुताबिक, 24 अगस्त को दिल्ली में आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश हो सकती है। न्यूनतम तापमान कम होकर 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश को लेकर मौसम विभाग का कहना है कि यहां 21 जिलों में बुधवार को भारी बारिश हो सकती है। वहीं 23 से 24 अगस्त तक कई जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। इसके साथ ही यह भी कहा गया कि यहां कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने जैसी घटनाएं भी हो सकती है। उत्तर प्रदेश के देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, औरैया, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, शाहजहांपुर और आसपास के इलाकों में आज भारी बारिश हो सकती है। वहीं कुछ जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो सकती है।
हिमाचल में भारी बारिश का रेड अलर्ट
वहीं हिमाचल प्रदेश में 23 अगस्त को भारी बारिश की आशंका जताई गई है। शिमला, सोलन, सिरमौर, बिलासपुर, धर्मशाला और मंडी जिलों में तमाम आंगनवाड़ी, स्कूल-कॉलेज और शिक्षण संस्थान बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। बता दें कि हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में मंगलवार को जमकर बारिश हुई। वहीं मौसम विभाग ने राज्य के आठ जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही बिलासपुर में भी आज सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे।
उत्तराखंड में भारी बारिश की आशंका
उत्तराखंड के 8 जिलों में रेड अलर्ट के साथ ही पांच जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार और गुरुवार को प्रदेश के सभी इलाकों में तेज बारिश की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने 23 और 24 अगस्त को 8 जिलों टिहरी, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल और उधम सिंह नगर में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। जबकि उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इन दो दिनों में प्रदेश भर के सभी इलाकों में तेज बारिश होने की आशंका है।