Weather Updates: जुलाई के महीने में देश के कई इलाकों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। इस बीच मौसम विभाग (India Meteorological Department -IMD) ने अगले 4-5 दिनों के दौरान देश के कई इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई है। सिक्किम, उत्तराखंड, बिहार, उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में अगले 4-5 दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वोत्र में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। 9 अगस्त तक उत्तर पश्चिम भारत (Northwest India) में हल्की से मध्यम बारिश होगी। जबकि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज मौसम साफ रहेगा।
बिहार के ऊपर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। जिसकी वजह से बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं, गुजरात और आसपास के इलाकों पर भी चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।
इन राज्यों में मूसलाधार बारिश के आसार
8 अगस्त तक पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश की आशंका जताई गई है। मध्य भारत में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश की आशंका जताई गई है। वहीं 8 अगस्त तक पूर्वी भारत, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में बूंदे पड़ सकती हैं। वहीं कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। पूर्वोत्तर क्षेत्र की बात करें तो अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड और मणिपुर में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ इलाकों में जोरदार बारिश हो सकती है।
महाराष्ट्र और गोवा का हाल
अगले पांच दिनों में कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र के घाट के क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, अगले 5 दिनों में दक्षिण भारत में मध्यम बारिश हो सकती है।
जानिए दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग के मुताबिक, इस पूरे हफ्ते दिल्ली में बारिश की गतिविधि काफी कम रहेगी। IMD के मुताबिक, 7 अगस्त को दोपहर ढलने के बाद बादल छाए रहेंगे। लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। दिल्ली में 7 और 8 अगस्त को मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा। जबकि 9 अगस्त से बारिश को हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती । 13 अगस्त तक दिल्ली में बारिश हल्की हो सकती है।