देश के कई राज्यों में भारी बारिश की वजह से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। जिसकी वजह से लोगों को कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने बारिश को लेकर एक बड़ा अपडेट जारी किया है। मौसम विभाग ने आज (19 जुलाई) कई राज्यों में अत्यधिक भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, कर्नाटक के तटीय इलाके, गुजरात, आंध्र प्रदेश के तटीय इलाके और यनम, विदर्भ, दक्षिणी छत्तीसगढ़ और दक्षिण ओडिशा में अलग-अलग क्षेत्रों में अत्यधिक भारी हो सकती है।
इसके अलावा, केरल, माहे, तमिलनाडु में आज (19 जुलाई 2024) बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। महाराष्ट्र में, मुंबई के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि पालघर, ठाणे, रायगढ़, सिंधुदुर्ग, पुणे, अमरावती के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई में क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (RMC) ने गोंदिया, गढ़चिरौली, चंद्रपुर, भंडारा, सतारा, रत्नागिरी के लिए आज भी रेड अलर्ट भी जारी किया है।
दिल्ली में बारिश के साथ उमस भरी गर्मी का दौर जारी है। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में 20 से 22 जुलाई के बीच तेज बारिश हो सकती है। IMD के मुताबिक, इस पूरे हफ्ते दिल्ली का अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में आज बारिश के आसार जताए हैं। आज दिन भर आसमान में बादल छाए रहेंगे। अगले 24 घंटे में दिल्ली और आसपास के इलाकों में अच्छी बारिश हो सकती है।
मध्य प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश समेत मध्य भारत के इलाकों में आज भारी बारिश की आशंका जताई है। IMD का कहना है कि ट्रफ लाइन, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और लो प्रेशर एरिया एक्टिव होने के कारण आंधी-बारिश का स्ट्रांग सिस्टम बन रहा है। इसके चलते मध्यप्रदेश के कई जिलों में अगले 24 घंटे जमकर बारिश हो सकती है। अगले 24 घंटे में राज्य के 18 जिलों में तेज बारिश का अनुमान है। बारिश का ये सिलसिला अगले पांच दिनों तक जारी रह सकता है।