Weather Updates: अप्रैल का महीना आधा गुजर चुका है। कई राज्यों में भीषण गर्मी शुरू हो गई है। मौसम विभाग (weather department) ने पश्चिम बंगाल, बिहार और आंध्र प्रदेश में भीषण गर्मी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही सिक्किम, झारखंड, ओडिशा और उत्तर प्रदेश में हीट वेव का अनुमान जताया है। पंजाब और हरियाणा में सोमवार (17 अप्रैल) को हीट वेव की स्थिति रही। यह स्थिति मंगलवार को भी बनी रह सकती है। इस बीच एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है जिसके चलते पश्चिमी हिमालय और आस-पास के मैदानी क्षेत्रों में बारिश होगी।
तापमान बढ़ने से बहुत से लोगों के बीमार पड़ने की आशंका जताई गई है। जो लोग लंबे समय तक धूप में काम कर रहे हैं। उनके खतरा हो सकता है। डॉक्टर ने लोगों को सलाह दी है कि यात्रा के दौरान भरपूर मात्रा में पानी पिएं। बिना छाता के बाहर न निकलें।
The Weather Channel के मुताबिक, अगले 3 दिनों के दौरान उत्तरी पश्चिमी मैदानी इलाकों में दिन के तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। इसके बाद के दिनों में धीरे-धीरे गिरावट आएगी। मौसम विभाग (India Meteorological Department -IMD) ने अनुमान जताया है कि पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में लू की स्थिति बनी रहेगी। IMD के मुताबिक, झारखंड के 11 जिलों में दो दिन के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के कुछ जिलों में दो दिनों में पारा 44 डिग्री के पार जा सकता है। 20 अप्रैल के बाद इसमें राहत की उम्मीद है। झारखंड में हालात को देखते हुए डॉक्टरों और विधायकों ने सीएम हेमंत सोरेन से स्कूलों में 2 हफ्तों की छुट्टी देने का अनुरोध किया है।
बंगाल के 18 जिलों के लिए लू की चेतावनी जारी की गई है। राज्य की सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि उन्होंने अप्रैल में इतनी गर्मी कभी नहीं देखी। लोगों को दोपहर से शाम 4 बजे के बीच घर के अंदर रहने की सलाह दी गई है।
18 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई हिस्सों में बारिश का अनुमान जताया गया है। वहीं, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 18-19 अप्रैल को बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिन में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में भी कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के अलग-अलग क्षेत्रों में 18 से 20 अप्रैल के दौरान हल्की बारिश होने की संभावना है।