Who is Shehnaz Singh: पंजाब पुलिस ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर शहनाज सिंह उर्फ शॉन भिंडर को गिरफ्तार कर लिया। शहनाज सिंह अमेरिकी खुफिया एजेंसी एफबीआई (FBI) को लंबे समय से वांछित था। शॉन भिंडर का नाम 26 फरवरी को अमेरिका में हुई बड़ी ड्रग बरामदगी के मामले में सामने आया था। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि शहनाज सिंह को पकड़ने के लिए पंजाब पुलिस ने जाल बिछाया हुआ था और उसके प्लान के मुताबिक ही वो पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने एक्स पर बताया कि तरनतारन पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर शहनाज सिंह उर्फ शॉन भिंडर को गिरफ्तार किया है। वह एफबीआई (अमेरिका) के वांटेड लिस्ट था और कोलंबिया से अमेरिका और कनाडा में कोकीन की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का अहम सदस्य था। शहनाज सिंह उर्फ शॉन भिंडर एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। उस पर आरोप है कि वह कोलंबिया से अमेरिका और कनाडा में कोकीन की तस्करी करता था।
पंजाब पुलिस को बड़ी कामयाबी
उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई 26 फरवरी को अमेरिका में शॉन भिंडर के चार साथियों की गिरफ्तारी के बाद हुई। पकड़े गए लोगों में अमृतपाल 'अमृत बल' सिंह, अमृतपाल 'चीमा' सिंह, तकदीर सिंह उर्फ रोमी, सरबसित सिंह उर्फ साबी और फर्नांडो 'फ्रेंको' वल्लाडारेस शामिल हैं। इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के घरों और गाड़ियों से 391 किलो मेथैम्फेटामाइन, 109 किलो कोकीन और चार हथियार बरामद किए।
शहनाज़ सिंह को एफबीआई ने वांडेट लिस्ट में रखा है। पंजाब पुलिस ने उसे तरनतारन में एक विशेष अभियान के तहत गिरफ्तार किया। उसकी गिरफ्तारी की कार्रवाई तब शुरू हुई जब अमेरिका में उसके कुछ साथियों को हिरासत में लिया गया। अमेरिका में हुई कार्रवाई के बाद शहनाज़ सिंह भारत आ गया और पंजाब पुलिस के हाथ लगने से पहले तक छिपा रहा। उसकी गिरफ्तारी पंजाब सरकार के 25 फरवरी से जारी ड्रग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान हुई। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हाल ही में एक बैठक की, जिसमें नशा खत्म करने की रणनीति पर चर्चा हुई। उन्होंने अधिकारियों को अगले तीन महीनों में पंजाब को नशा मुक्त बनाने का लक्ष्य दिया।