भारतीय शेयर बाजार में IPO की रफ्तार जारी है। साल के आखिरी दौर में फिलहाल 5 IPO की बिडिंग प्रोसेस पूरी हुई, जबकि चार अन्य IPO सब्सक्रिप्शन के लिए खुले हुए हैं। इससे साफ है कि साल 2024 के अंतिम दौर में भी प्राइमरी मार्केट में रौनक कायम है। तकरीबन सभी पब्लिक इश्यू में बेहतर बिडिंग ट्रेंड और निवेशकों की जबरदस्त दिलचस्पी देखने को मिल रही है।
ट्रांसरेल लाइटिंग (Transrail Lighting) का 839 करोड़ रुपये का IPO 23 दिसंबर को बंद हुआ और इसे शानदार 81 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। इस IPO की सफलता में रिटेल और नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स की काफी दिलचस्पी देखने को मिली। इस इश्यू में 400 करोड़ रुपये के फ्रेश शेयरों की बिक्री की जाएगी, जबकि ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत 438.91 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री की जाएगी।
DAM कैपिटल एडवाइजर्स (DAM Capital Advisors) का 840.25 करोड़ रुपये का IPO भी 23 दिसंबर को बंद हुआ और इसे 82 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। यह इश्यू पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) पर आधारित है और इसे तमाम इनवेस्टर कैटेगरी में काफी अच्छा रेस्पॉन्स मिला है। ग्रे मार्केट में भी इसके शेयरों की अच्छी मांग बनी हुई है।
ममता मशीनरी (Mamata Machinery) के 179.39 करोड़ रुपये के IPO को शानदार रेस्पॉन्स मिला और बिडिंग के आखिर दिन इसे कुल 195 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। संथानन टेक्सटाइल्स का इश्यू भी 35 गुना सब्सक्रिप्शन के साथ 23 दिसंबर को ही बंद हुआ। इसके IPO का साइज 550 करोड़ रुपये है और इसमें 400 करोड़ रुपये के फ्रेश इश्यू जारी किए जाएंगे, जबकि ऑफर फॉर सेल के तहत शेयरों की बिक्री कर 150 करोड़ रुपये जुटाए जाएंगे। कॉनकोर्ड एनवायरो (Concord Enviro) के 500 करोड़ रुपये के IPO में 175 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू है, जबकि ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत 325 करोड़ रुपये जुटाने का प्लान है। कंपनी के IPO को आखिरी दिन यानी 23 दिसंबर को तकरीबन 11 गुना सब्सक्रिप्शन मिला।
इस बीच, चार अन्य IPO के लिए भी बिडिंग जारी है। वेंटिव हॉस्पिटैलिटी (Ventive Hospitality) के 1,600 करोड़ रुपये के IPO को दूसरे दिन 23 दिसंबर को 1.28 गुना सब्सक्रिप्शन देखने को मिला। इस इश्यू में रिटेल इनवेस्टर्स की जबरदस्त दिलचस्पी देखने को मिल रही है। सेनोर्स फार्मास्युटिकल्स (Senores Pharmaceuticals) का 582 करोड़ के IPO को दूसरे दिन यानी 23 दिसंबर को 14 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। कैरारो इंडिया (Carraro India) के 1250 करोड़ रुपये के IPO को दूसरे दिन यानी 23 दिसंबर को सिर्फ 22 पर्सेंट सब्सक्रिप्शन मिला। दूसरी तरफ, यूनिमेक एरोस्पेस एंड मैन्युफैक्चरिंग (Unimech Aerospace and Manufacturing) का IPO 23 दिसंबर को खुला और बिडिंग के पहले दिन इसे 3.81 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। कंपनी के 500 करोड़ रुपये के IPO में 250 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू है, जबकि ऑफर फॉर सेल के जरिये 250 करोड़ रुपये जुटाए जाएंगे।