दुनिया की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी (Asset Management Company) ब्लैकस्टोन (Blackstone) अपनी पोर्टफोलियो हाउसिंग फाइनेंस कंपनी आधार हाउसिंग फाइनेंस (Aadhar Housing Finance) का IPO इस साल लॉन्च करना चाहती है। इसके लिए आधार हाउसिंग फाइनेंस कंपनी ने मार्केट रेगुलेटर SEBI के पास ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रोस्पेक्टस (DRHP) जमा कराया है। इस मामले से जुड़े 3 सूत्रों ने Moneycontrol को बताया कि Aadhar Housing Finance कंपनी की योजना 1 बिलियन डॉलर यानी करीब 7300 करोड़ रुपये का IPO लॉन्च करने की है।

आपको बता दें कि अमेरिका बेस्ड प्राइवेट इक्विटी फर्म Blackstone भारत की सबसे बड़ी कमर्शियल रियल एस्टेट (commercial real estate) कंपनी आधार हाउसिंग फाइनेंस की मालिक है। सूत्रों ने Moneycontrol को बताया कि इस IPO के लिए कंपनी की योजना फ्रेश शेयर इश्यू करने के साथ ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिये भी कंपनी के प्रमोटर्स और इंवेस्टर्स द्वारा इक्विटी शेयर जारी करने की है। कंपनी से जुड़े दूसरे सूत्र ने बताया कि भारत में पब्लिक मार्केट अभी IPO से लिए अकदम मुफीद है, इस वजह से कंपनी इसी साल अपना IPO लॉन्च करना चाहती है।

5 साल में किसी भी इंडियन पोर्टफोलियो कंपनी का पहला IPO

अगर Aadhar Housing Finance के IPO को SEBI से मंजूरी मिलती है तो यह पिछले 5 साल में किसी भी इंडियन पोर्टफोलियो कंपनी का पहला IPO होगा, जिसे अमेरिकी प्राइवेट इक्विटी फर्म का समर्थन प्राप्त है। आधार हाउंसिंग फाइनेंस ने इस IPO के लिए ICICI Securities, नोमुरा (Nomura), सिटी (Citi) और SBI Capital Markets को अपना इंवेस्टमेंट बैंकर नियुक्त किया है। वहीं, लॉ फर्म सिरिल अमरचंद मंगलदास (Cyril Amarchand Mangaldas) और खेतान एंड कंपनी (Khaitan and Co) को लीगल एडवायजर नियुक्त किया गया है।

यहां होगा फंड्स का इस्तेमाल

इन तीनों सूत्रों ने नाम नहीं बताने की शर्त पर Moneycontrol को बताया कि इस IPO के जरिये जुटाये गए फंड्स का इस्तेमाल कंपनी अपना कैपिटल बेस बढ़ाने में करेगी। इस फंड का इस्तेमाल कंपनी के बिजनेस के ग्रोथ और ऑपरेटिंग खर्चों के भुगतान के साथ कर्ज और ब्याज को चुकाने में किया जाएगा। हालांकि, इस IPO के बारे में Blackstone ने अभी आधिकारिक रूप से कोई बयान नहीं दिया है।

आधार हाउसिंग फाइनेंस की खास बातें

आधार हाउसिंग फाइनेंस कंपनी को पहले DHFL Vysya Housing Finance के नाम से जाना जाता था, जिसकी स्थापना 1990 में हुई थी। इसे Vysya Bank ने दूसरे बेंकों और वित्तीय संस्थानों के साथ मिलकर शुरू की थी। आधार हाउसिंग फाइनेंस रिटेल फोकस्ड अफोर्डेबल हाउसिंग फाइनेंस कंपनी है जो आर्थिक रूप से कम समृद्ध और मिडिल क्लास को घर ले लिए मोर्गेज लोन ( mortgage loans) उपलब्ध कराती है। कंपनी ने 30 सितंबर, 2020 तक अपने कुल एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) का 64.83% हिस्सा लोन के रूप में नौकरीपेशा लोगों को दिया था। वहीं, 35.17% लोन सेल्फ-इंप्लॉयड कस्टमर्स को दिया था।

Blackstone ने 2200 करोड़ रुपये में DHFL से खरीदा था

वर्ष 2019 में अमेरिकी एसेट मैनेजमेंट कंपनी Blackstone ने 2200 करोड़ रुपये में DHFL और वाधवन ब्रदर्श से आधार हाउसिंग फाइनेंस का 98.7% हिस्सा खरीदा था। 31, मार्च 2020 तक कंपनी के पास कुल 11,432 करोड़ रुपये से एसेट्स थे। वहीं, 2020 में कंपनी को नेट प्रॉफिट 189 करोड़ रुपये रहा था। वहीं, 2019 में इसका नेट प्रॉफिट 162 करोड़ रुपये रहा था। 30 सितंबर, 2020 तक आधार हाउसिंग फाइनेंस कपनी के देशभर में 292 ब्रांच हैं जो 20 राज्यों में फैले हैं और ये 12,000 लोकेशंस पर ऑपरेट करते हैं। 

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।