Adani Wilmar IPO: देश की सबसे बड़ी FMCG (फास्ट-मूविंग कंज्यूमर गूड्स) कंपनियों में से एक, अडानी विल्मर का इनीशियल पब्लिक ऑफर आज यानी 8 फरवरी को BSE और NSE पर लिस्ट होने वाली है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि अडानी विल्मर के शेयर अपने इश्यू प्राइस से 15% प्रीमियम पर स्टॉक मार्केट में एंट्री कर सकते हैं और उन्होंने इसके पीछे ब्रांडेड एडिबल ऑयल इंडस्ट्री में कंपनी की दबदबे वाली स्थिति, पैकेज्ड फूड बिजनेस में इसकी लगातार ग्रोथ, प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में विविधता, कंपनी के अच्छे वित्तीय आंकड़े और अच्छी ब्रांड वैल्यू जैसी वजहों को गिनाया।
Adani Wilmar का आईपीओ 27 से 31 जनवरी के बीच आया था और इसे 17.37 गुना अधिक बोली मिली थी। आईपीओ को सभी तरह के निवेशकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी, हालांकि उस अवधि में बाजार में जारी अस्थिरता ने इसे थोड़ा जरूर प्रभावित किया। आईपीओ के लिए सबसे अधिक बोली नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) की कैटेगरी में आई, जिन्होंने अपने आवंटित कोटे में 56.30 गुना अधिक बोली लगाई। दूसरे नंबर पर शेयरहोल्डर्स कोटा रहा, जिसे 33.33 गुना अधिक सब्सक्रिप्शन मिला।
क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बॉयर्स (QIB) और रिटेल निवेशकों ने अपने हिस्से के शेयरों के लिए क्रमश: 5.73 और 3.92 गुना अधिक बोली लगाई। कंपनी के कर्मचारियों के लिए आरक्षित हिस्सा सिर्फ आधा फीसदी ही भर सका था।
अडानी विल्मर के IPO का शेयर प्राइस 230 रुपए तय किया गया था। हालांकि एक्सपर्ट्स को मोटे तौर पर उम्मीद है कि अडानी विल्मर के शेयर करीब 35 रुपये के प्रीमियम के साथ 265 रुपये के भाव पर लिस्ट हो सकते हैं। अगर ऐसा होता है, तो अडानी विल्मर का मार्केट कैपिटलाइजेशन 34,500 करोड़ रुपये हो जाएगा, जो आईपीओ के समय 30,000 करोड़ रुपये था।
कैपिटल वाया ग्लोबल रिसर्च (CapitalVia Global Research) की सीनियर रिसर्च एनालिस्ट लिखिता चेपा ने बताया, "अडानी विल्मर एडिबल ऑयल और पैकेज्ड फूड की अग्रणी कंपनियों में से एक है। इसे करीब 15 से 20 फीसदी के प्रीमियम पर लिस्ट होने की उम्मीद है। आईपीओ को शेयर बाजार में जारी अस्थिरता के चलते मध्यम प्रतिक्रिया मिली थी। ऐसे में हमें इसके 260 से 265 रुपये के बीच लिस्ट होने की उम्मीद है।"
ट्रस्टलाइन सिक्योरिटीज (Trustline Securities) के रिसर्च एनालिस्ट अंकुर सारस्वत ने बताया, "कंपनी के पास देश भर में मजबूत डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क और अच्छी क्वालिटी वाले ग्लोबल सप्लायर्स हैं। इसके पास एक व्यापक इंटीग्रेटेड बिजेनस मॉडल है, जिसे एक पेशेवर और अनुभवी मैनेजमेंट टीम हैंडल करती है। इसलिए हमें इसका लिस्टिंग प्राइस 265 रुपये रहने की उम्मीद है, जिसमें प्रति शेयर 35 रुपये का लिस्टिंग गेन शामिल है।"
इस बीच ग्रे मार्केट में अडानी विल्मर के शेयर सोमवार को 255-260 रुपये प्रति शेयर के भाव पर उपलब्ध थे, जो इसके इश्यू प्राइस से करीब 11 से 13 फीसदी अधिक है।
बता दें कि अडानी विल्मर की स्थापना 1999 में की गई थी। यह अडानी ग्रुप और सिंगापुर के विल्मर (Wilmar) का जॉइंट वेंचर है। यह Fortune ब्रांड से तेल और दूसरे खाद्य पदार्थ बेचती है। इससे पहले अडानी ग्रुप की छह कंपनियां Adani Enterprises, Adani Transmission, Adani Green Energy, Adani Power, Adani Total Gas, और Adani Ports and Special Economic Zone शेयर बाजार में लिस्ट हो चुकी हैं।