Aether Industries IPO: केमिकल कंपनी अथर इंडस्ट्रीज (Aether Industries) का इश्यू 24 मई को खुलेगा और 26 मई को बंद होगा। कंपनी IPO से 808.04 करोड़ रुपए जुटाने की तैयारी में है। इसमें से 627 करोड़ रुपए के फ्रेश इश्यू जारी किए जाएंगे। जबकि 181.04 करोड़ रुपए के शेयर ऑफर फॉर सेल (OFS) में बेचे जाएंगे। कंपनी के इश्यू का प्राइस बैंड 610-642 रुपए है।
बाजार के जानकारों के मुताबिक, Aether Industries के शेयर ग्रे मार्केट में 21 रुपए प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं। कंपनी का इश्यू 642 रुपए है इस हिसाब से ग्रे मार्केट में इसके अनलिस्टेड शेयर 663 (642+21) रुपए पर ट्रेड कर रहे हैं।
Aether Industries के इश्यू के बारे में प्रॉफिटमार्ट सिक्योरिटीज के रिसर्च हेड अविनाश गोरक्षाकर ने कहा, "कंपनी के रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्ट्स के मुताबिक, कंपनी की आमदनी और मुनाफा दोनों मजबूत है। कंपनी के पास दाम घटाने के अवसर हैं लेकिन ऐसा किया नहीं है। लिहाजा वैल्यूएशन के हिसाब से निवेशकों के लिए बहुत कम मौका है। जो लोग मीडियम से लॉन्ग टर्म के लिए निवेश करना चाहते हैं वो इस इश्यू को सब्सक्राइब कर सकते हैं।"
वहीं इस इश्यू के बारे में GCL Securities के वाइस चेयरमैन रवि सिंघल ने कहा कि इस इश्यू का प्राइस थोड़ा ज्यादा है। लेकिन कंपनी के फंडामेंटल्स मजबूत हैं। जो निवेशक लॉन्ग टर्म के लिए निवेश करना चाहते हैं वो इस इश्यू को खरीद सकते हैं।
कहां होगा फंड का इस्तेमाल?
इस IPO से जुटाए गए फंड में से 190 करोड़ रुपये का इस्तेमाल सूरत में लगाई जाने वाली कंपनी की नई इकाई मे खर्च होगा जबकि 138 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज चुकाने में होगा। दिसंबर 2021 तक कंपनी के ऊपर 234.73 करोड़ रुपये का कर्ज था। आईपीओ के पैसे में से 165 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कंपनी की वर्किंग कैपिटल जरुरतों को पूरा करने में होगा।