Arvind and Company Shipping Agencies के IPO को निवेशकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला है। सब्सक्रिप्शन के अंतिम दिन तक यह इश्यू 385.03 गुना सब्सक्राइब हो गया है। निवेशकों ने कुल 119.66 करोड़ इक्विटी शेयर खरीदे हैं, जबकि ऑफर साइज 32.76 लाख इक्विटी शेयरों का है। बोली के दूसरे दिन यानी 13 अक्टूबर तक ऑफर को 36.72 गुना सब्सक्राइब किया गया था। गुजरात स्थित कंपनी का लक्ष्य 14.74 करोड़ रुपये जुटाने का है।
सब्सक्रिप्शन से जुड़ी डिटेल
रिटेल निवेशकों ने स्टॉक में जमकर दांव लगाया है। उनके लिए रिजर्व हिस्से को कुल 321.97 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। वहीं, हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल के हिस्से को 436.05 गुना सब्सक्राइब किया गया है। बार्ज चार्टरिंग सर्विसेज कंपनी ने मार्केट मेकर के लिए 1.68 लाख इक्विटी शेयर आरक्षित किए हैं और बाकी शेयर यानी 31.08 लाख शेयर नेट इश्यू माने जाते हैं। नेट इश्यू में से 50 फीसदी शेयर खुदरा निवेशकों और HNI के लिए आरक्षित किए गए हैं।
कंपनी ने इश्यू के लिए 45 रुपये प्रति शेयर का ऑफर प्राइस तय किया है। इसके तहत कुल 32.76 लाख इक्विटी शेयर जारी किए गए हैं। यह एक बुक-बिल्ट इश्यू है जिसमें कंपनी द्वारा केवल फ्रेश शेयर जारी किए गए हैं।
अरविंद एंड कंपनी शिपिंग एजेंसियां बार्ज की खरीद पर कैपिटल एक्सपेंडिचर के लिए 11.02 करोड़ रुपये खर्च करेगी। वहीं, सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए 1.82 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। शेष फंड 1.9 करोड़ रुपये का इस्तेमाल पब्लिक इश्यू से जुड़ी खर्च के लिए किया जाएगा।
कंपनी 19 अक्टूबर तक सफल निवेशकों को शेयरों का अलॉटमेंट कर सकती है। वहीं, इक्विटी शेयर 23 अक्टूबर तक पात्र निवेशकों के डीमैट अकाउंट में जमा कर दिए जाएंगे। आईपीओ शेड्यूल के अनुसार, इसके इक्विटी शेयरों में कारोबार 25 अक्टूबर से NSE इमर्ज पर शुरू होगा।
कंपनी मुख्य रूप से अपने दो प्रमुख बिजनेस वर्टिकल से राजस्व हासिल करती है। इनमें से एक है नौकाओं को किराए पर देना और दूसरा है होटल और हॉस्पिटैलिटी। मई 2023 तक इसके पास 5 नौकाएं हैं जिनका इस्तेमाल कोस्टल ट्रांसपोर्टर्स द्वारा अपने माल या उपकरण के परिवहन के लिए किया जाता है।