Azad Engineering IPO: सचिन तेंदुलकर ​के निवेश वाली कंपनी ने प्राइस बैंड किया सेट, 20 दिसंबर को खुलेगा ₹740 करोड़ का इश्यू

आजाद इंजीनियरिंग, एयरोस्पेस और डिफेंस, एनर्जी और तेल व गैस उद्योगों के ग्लोबल ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स (OEMs) को प्रोडक्ट्स की आपूर्ति करती है। IPO में नए शेयरों को जारी करके आए पैसों का इस्तेमाल कंपनी, अपने पूंजीगत व्यय की फंडिंग के लिए, कर्ज चुकाने के लिए और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी। कंपनी में इस साल मई माह में क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने भी निवेश किया था

अपडेटेड Dec 15, 2023 पर 8:45 AM
Azad Engineering IPO: निवेशक मिनिमम 28 शेयरों के लॉट में बोली लगा सकते हैं।

तेलंगाना की कंपनी आजाद इंजीनियरिंग लिमिटेड (Azad Engineering Ltd) ने IPO के लिए प्राइस बैंड 499-524 रुपये प्रति शेयर तय किया है। यह पब्लिक इश्यू 20 दिसंबर को खुलेगा और 22 दिसंबर को क्लोज होगा। एंकर निवेशक 19 दिसंबर को बोली लगा सकेंगे। कंपनी ने एक दिन पहले ही सूचना दी थी कि उसके 740 करोड़ रुपये के IPO को मार्केट रेगुलेटर Sebi से मंजूरी मिल गई है। आजाद इंजीनियरिंग ने IPO लाने के लिए इस साल सितंबर में Sebi (Securities and Exchange Board of India) के समक्ष पेपर्स फाइल किए थे। कंपनी को 5 दिसंबर को Sebi से ऑब्जर्वेशन लेटर मिल गया। इस लेटर के मिलने का मतलब है कि अब IPO लाने की प्रोसेस को आगे बढ़ाया जा सकता है।

IPO के ड्राफ्ट पेपर्स के अनुसार, कंपनी के पब्लिक इश्यू में 240 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे। साथ ही प्रमोटर्स और मौजूदा निवेशकों की ओर से 500 करोड़ रुपये तक के शेयरों की बिक्री OFS (offer for sale) के माध्यम से की जाएगी। आजाद इंजीनियरिंग, एयरोस्पेस और डिफेंस, एनर्जी और तेल व गैस उद्योगों के ग्लोबल ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स (OEMs) को प्रोडक्ट्स की आपूर्ति करती है। कंपनी के ग्राहकों में जनरल इलेक्ट्रिक, हनीवेल इंटरनेशनल इंक, मित्सुबिशी हेवी इंडस्ट्रीज, सीमेंस एनर्जी, ईटन एयरोस्पेस और मैन एनर्जी सॉल्यूशंस एसई शामिल हैं।

OFS में कौन-कौन करेगा शेयर बिक्री


OFS में प्रमोटर राकेश चोपदार 170 करोड़ रुपये तक, पिरामल स्ट्रक्चर्ड क्रेडिट अपॉर्च्युनिटीज फंड 280 करोड़ रुपये तक और DMI Finance 50 करोड़ रुपये तक के शेयरों की बिक्री करेंगे। आजाद इंजीनियरिंग में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 86.51 प्रतिशत है। बाकी 13.49 प्रतिशत हिस्सेदारी पब्लिक के पास है। पिरामल स्ट्रक्चर्ड क्रेडिट अपॉर्च्युनिटीज फंड की कंपनी में हिस्सेदारी 11.56 प्रतिशत है। IPO के लिए Axis Capital, ICICI Securities, SBI Capital Markets और Anand Rathi Advisors मर्चेंट बैंकर हैं।

Ather Energy में Hero MotoCorp खरीदेगी और 3% हिस्सेदारी, कितने करोड़ रुपये करने वाली है खर्च?

रिजर्व हिस्से की डिटेल

IPO के तहत 50 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 15 प्रतिशत हिस्सा हाई नेटवर्थ वाले इंडीविजुअल्स के लिए और 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व रखा गया है। निवेशक मिनिमम 28 शेयरों के लॉट में बोली लगा सकते हैं। नए शेयरों को जारी करके आए पैसों का इस्तेमाल कंपनी, अपने पूंजीगत व्यय की फंडिंग के लिए, कर्ज चुकाने के लिए और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी। जून 2023 तक आजाद इंजीनियरिंग पर 157.41 करोड़ रुपये की उधारी थी।कंपनी में इस साल मई माह में क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने भी निवेश किया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।