Baweja Studios IPO: 29 जनवरी से शुरू हो रहे सप्ताह में 6 नए आईपीओ खुलने जा रहे हैं। इनमें एक नाम बावेजा स्टूडियोज (Baweja Studios) का भी है। इस टेक्नोलॉजी बेस्ड कमर्शियल फिल्म्स प्रोडक्शन कंपनी को हैरी बावेजा (Harry Baweja) और उनकी पत्नी परमजीत बावेजा (Paramjit Baweja) ने शुरू किया था। यह बॉलीवुड इंडस्ट्रीज की वही फेमस बावेजा फैमिली है, जिसके बेटे हरमन बावेजा (Harman Baweja) एक्टर हैं। दिलवाले, कयामत, दिलजले, दीवाने जैसी फिल्में, भौकाल वेब सीरीज इसी प्रोडक्शन हाउस की देन हैं।
बावेजा स्टूडियोज का आईपीओ 29 जनवरी को खुलेगा। कंपनी अपने आईपीओ से 97.2 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इश्यू के लिए प्राइस बैंड 170-180 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। इस आईपीओ में 1 फरवरी तक बोली लगाई जा सकेगी। लॉट साइज 800 शेयरों का है।
आईपीओ के तहत 72 करोड़ रुपये के 40 लाख नए शेयर जारी होंगे, वहीं 25.20 करोड़ रुपये के 14 लाख शेयरों का ऑफर फॉर सेल रहेगा। शेयरों की लिस्टिंग 6 फरवरी को एनएसई एसएमई पर होगी। कंपनी के प्रमोटर्स हरजसपाल सिंह बावेजा, परमजीत हरजसपाल बावेजा, हरमन बावेजा और रोवीना बावेजा हैं। इनकी बावेजा स्टूडियोज में अभी 99.99 प्रतिशत हिस्सेदारी है। ग्रे मार्केट में बावेजा स्टूडियोज के शेयर, आईपीओ के अपर प्राइस बैंड पर 25 रुपये या 13.89 प्रतिशत के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं।
आईपीओ में 11 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 42 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 42 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है। कंपनी की शुरुआत मार्च 2001 में हुई थी। यह हिंदी और पंजाबी दोनों ही भाषाओं की फिल्में प्रोड्यूस करती है। कंपनी मूवी राइट्स की ट्रेडिंग के कारोबार में भी है।
30 सितंबर 2023 तक कंपनी का रेवेन्यू करीब 39 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 4.35 करोड़ रुपये था। वित्त वर्ष 2022-23 में रेवेन्यू 86.2 प्रतिशत और शुद्ध मुनाफा करीब 189 प्रतिशत बढ़ा था।