Bharat Coking Coal IPO: स्टॉक मार्केट की छुट्टी से बढ़ी उलझन, क्या अब टल जाएगी 16 जनवरी की लिस्टिंग?

Bharat Coking Coal IPO: 15 जनवरी को शेयर बाजार की छुट्टी के चलते भारत कोकिंग कोल के IPO की लिस्टिंग डेट पर उलझन पैदा हो गई है। मजबूत सब्सक्रिप्शन और ऊंचे GMP के बीच निवेशकों की नजर अब नई लिस्टिंग टाइमलाइन पर टिकी है। जानिए क्या आईपीओ की लिस्टिंग टलेगी।

अपडेटेड Jan 13, 2026 पर 5:02 PM
Story continues below Advertisement
ग्रे मार्केट में Bharat Coking Coal के शेयर मजबूत प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं।

Bharat Coking Coal IPO: महाराष्ट्र में नगर निगम चुनावों के चलते 15 जनवरी, गुरुवार को शेयर बाजार बंद रहेगा। इससे Bharat Coking Coal Ltd (BCCL) के IPO की लिस्टिंग डेट पर उलझन पैदा हो गई है। इसी दिन पहले शेयरों के डिमैट क्रेडिट और रिफंड की प्रक्रिया तय थी। लेकिन, अब यह दिन स्टॉक मार्केट हॉलिडे घोषित हो चुका है।

IPO टाइमलाइन में कहां फंसा पेंच

Bharat Coking Coal का IPO 9 जनवरी को खुला था। यह मंगलवार को बंद हो रहा है। कुल इश्यू साइज ₹1,071 करोड़ का है। इश्यू का बेसिस ऑफ अलॉटमेंट 14 जनवरी को फाइनल होने की उम्मीद है।


पहले प्लान के मुताबिक, 15 जनवरी को शेयर डिमैट खातों में क्रेडिट होने थे और रिफंड भी उसी दिन आने थे। लेकिन बाजार बंद रहने के कारण अब यह शेड्यूल आगे खिसक सकता है।

15 जनवरी को क्यों बंद रहेंगे बाजार

नए नोटिफिकेशन के मुताबिक, 15 जनवरी को BSE और NSE पर इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव्स, सिक्योरिटीज लेंडिंग एंड बॉरोइंग, करेंसी और इंटरेस्ट रेट डेरिवेटिव्स में कोई कारोबार नहीं होगा।

कमोडिटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट में भी सुबह का सत्र बंद रहेगा। यह दिन सेटलमेंट हॉलिडे भी होगा और बैंकों के लिए भी नॉन-वर्किंग डे रहेगा।

अब कब हो सकती है लिस्टिंग

फिलहाल एक्सचेंज या कंपनी की ओर से संशोधित शेड्यूल पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि, IPO से जुड़े एक्सपर्ट्स का मानना है कि Bharat Coking Coal की लिस्टिंग अब सोमवार, 19 जनवरी को हो सकती है। निवेशक फिलहाल एक्सचेंज की ओर से स्पष्ट सूचना का इंतजार कर रहे हैं।

IPO को मिला जबरदस्त रिस्पॉन्स

इस अनिश्चितता के बावजूद IPO में निवेशकों का उत्साह जबरदस्त रहा है। बोली के दूसरे दिन तक इश्यू 34 गुना सब्सक्राइब हो चुका था। पहले दिन यह 8.09 गुना भरा था। रिटेल, नॉन-इंस्टीट्यूशनल और मौजूदा शेयरधारक कैटेगरी से मजबूत मांग देखने को मिली। इश्यू खुलने से पहले कंपनी ने एंकर निवेशकों से ₹273.1 करोड़ जुटाए थे।

ग्रे मार्केट में क्या संकेत

ग्रे मार्केट में Bharat Coking Coal के शेयर मजबूत प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं। Investorgain के मुताबिक, इसका लेटेस्ट GMP करीब ₹10.30 चल रहा है, जो लगभग 44 फीसदी के संभावित लिस्टिंग गेन का संकेत देता है। IPO Watch ने भी करीब 44 फीसदी का GMP बताया है।

कंपनी का बिजनेस प्रोफाइल

Bharat Coking Coal Ltd देश की सबसे बड़ी कोकिंग कोल उत्पादक कंपनी है। FY25 में घरेलू कोकिंग कोल उत्पादन में इसका हिस्सा करीब 58.5 फीसदी रहा। यह Coal India Ltd की सहायक कंपनी है। इसके पास लगभग 7,910 मिलियन टन के अनुमानित कोयला भंडार हैं।

Q3 Results: घाटे से मुनाफे में आई कंपनी, तीन गुना हुआ मार्जिन; 14% तक उछला स्टॉक

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।