Bluestone Jewellery IPO: देश की बड़ी ओमनीचैनल ज्वैलरी चेन Bluestone Jewellery 1500 करोड़ रुपए का IPO लाने की तैयारी में है। इस कंपनी में रतन टाटा का निवेश है। Bluestone Jewellery ने पहले ही इश्यू के लिए ICICI सिक्योरिटीज, IIFL सिक्योरिटीज, जेफरीज और जेएम फाइनेंशियल को इनवेस्टमेंट बैंकर नियुक्त कर लिया है। इकोनॉमिक टाइम्स के मुताबिक, कंपनी का वैल्यूएशन 12,000 करोड़ रुपए से 15,000 करोड़ रुपए तक हो सकता है।
फिस्कल ईयर 2022-2023 की दूसरी तिमाही में कंपनी अपना IPO ला सकती है। यह ऑनलाइन मार्केटप्लेस Bluestone.com चलाती है। कंपनी का इश्यू पूरी तरह ऑफर फॉर सेल है। कंपनी के प्राइवेट इक्विटी इनवेस्टर्स अपनी हिस्सेदारी बेच सकते हैं। इनमें कलारी कैपिटल सहित कुछ कंपनियां अपनी थोड़ी या पूरी हिस्सेदारी बेच सकती हैं।
इस मामले की जानकारी रखने वाले एक सोर्स ने बताया, "कंपनी का वैल्यूएशन अभी तय नहीं है। Bluestone अगले कुछ महीनों में DRHP दाखिल कर सकती है।"
Bluestone की दो मैन्युफैक्चरिंग यूनिट मुंबई में है। कंपनी ने अपना पहला फिजिकल स्टोर 2018 में दिल्ली के पैसिफिक मॉल में खोला था। इसके अलावा कंपनी चंडीगढ़, मुंबई और हैदराबाद में 5 नए स्टोर खोलने की तैयारी में है।
भारत का ज्वैलरी मार्केट दुनिया में सबसे बड़ा है। कट डायमंड्स, गोल्ड ज्वैलरी, सिल्वर ज्वैलरी और लैब में बनाए जाने वाले डायमंड्स में भारत सबसे बड़े एक्सपोर्टर्स में शामिल है। Technopak के मुताबिक, भारत का ज्वैलरी सेक्टर 2020 तक 64 अरब डॉलर का हो गया है।
Bluestone की लिस्टेड प्रतिद्वंदी कंपनियों में टाइटन का तनिष्क ब्रांड है। इसका मार्केट कैप 2.19 लाख करोड़ रुपए है। कल्याण ज्वैलर्स का मार्केट कैप 20,767 करोड़ रुपए है। जबकि पीसी ज्वैलर्स का मार्केट कैप 6129 करोड़ रुपए है।