IFC के निवेश वाली एग्रोकेमिकल और बीज कंपनी 'क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन' का ₹455.49 करोड़ का IPO 18 नवंबर को खुलने जा रहा है। ओपनिंग से एक दिन पहले मंगलवार को कंपनी ने एंकर बुक के जरिए लगभग 136 करोड़ रुपये जुटाए। 10 इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (संस्थागत निवेशकों) को ₹135.96 करोड़ के 49.98 लाख इक्विटी शेयर अलॉट किए गए हैं। कंपनी का कहना है कि कुल एलोकेशन में से 22.13 लाख शेयर 3 घरेलू म्यूचुअल फंडों- व्हाइटओक कैपिटल, टाटा म्यूचुअल फंड और ग्रो म्यूचुअल फंड को एलोकेट किए गए। इन फंडों ने अपनी 10 स्कीम्स के जरिए एंकर बुक में हिस्सा लिया।
एंकर इनवेस्टर्स में व्हाइटओक कैपिटल म्यूचुअल फंड सबसे बड़ा खरीदार बनकर उभरा, जिसने अपनी 4 स्कीम्स के जरिए ₹30 करोड़ के 11.02 लाख शेयर खरीदे। इसके बाद टाटा म्यूचुअल फंड रहा, जिसने अपनी 3 स्कीम्स के जरिए ₹25.1 करोड़ के 9.22 लाख शेयर खरीदे। अशोका इंडिया इक्विटी इनवेस्टमेंट ट्रस्ट, नियो, नोमुरा सिंगापुर और सिटीग्रुप उन अन्य निवेशकों में शामिल रहे, जिन्होंने एंकर बुक में हिस्सा लिया।
इंटरनेशनल फाइनेंस कॉरपोरेशन (IFC) ने क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है। इसने ₹20 करोड़ के 7.35 लाख अतिरिक्त शेयर खरीदे हैं। IFC और उसकी सब्सिडियरी, IFC इमर्जिंग एशिया फंड की कंपनी में कुल 8.29 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
IPO के लिए कितना प्राइस बैंड
क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन के IPO के लिए प्राइस बैंड ₹259-₹272 प्रति शेयर तय किया गया है। लॉट साइज 55 शेयर है। इश्यू 20 नवंबर को बंद होगा। इसमें ₹354.77 करोड़ के 1.31 करोड़ नए शेयर जारी होंगे। साथ ही कंपनी के प्रमोटर अंकुर अग्रवाल की ओर से ₹100.71 करोड़ के 37.03 लाख शेयरों का ऑफर फॉर सेल रहेगा। कंपनी नए शेयरों को जारी कर हासिल होने वाली रकम का इस्तेमाल अपना और अपनी मैटीरियल सब्सिडियरी सफायर क्रॉप साइंस प्राइवेट लिमिटेड का कर्ज चुकाने के लिए और सामान्य कॉर्पोरेट कार्यों के लिए करेगी।
Crystal Crop Protection की वित्तीय सेहत
अप्रैल-जून 2026 तिमाही में क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन का रेवेन्यू ₹1,209.21 करोड़ रहा। शुद्ध मुनाफा ₹135.78 करोड़ दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान कंपनी का रेवेन्यू 16 प्रतिशत बढ़कर ₹3,180.98 करोड़ हो गया। शुद्ध मुनाफा 22 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ ₹144.91 करोड़ दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2025 के दौरान कंपनी का रेवेन्यू ₹2,731.94 करोड़ और शुद्ध मुनाफा ₹118.39 करोड़ था।
IPO के लिए IIFL कैपिटल सर्विसेज, DAM कैपिटल एडवाइजर्स और मोतीलाल ओसवाल इनवेस्टमेंट एडवाइजर्स, बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं। रजिस्ट्रार MUFG Intime India Pvt.Ltd. है। ग्रे मार्केट क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन का शेयर 7 प्रतिशत प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। ग्रे मार्केट एक अनऑथराइज्ड मार्केट है, जहां किसी कंपनी के शेयर उसकी लिस्टिंग तक ट्रेड करते हैं।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।