DCX Systems IPO : केबिल्स और वायर हारनेस असेंबली बनाने वाली कंपनी डीसीएक्स सिस्टम्स का IPO अगले सप्ताह सोमवार, 31 अक्टूबर को खुलेगा और 2 नवंबर को बंद हो जाएगा। कंपनी ने इस इनीशियल शेयर सेल के लिए 197-207 रुपये प्रति शेयर प्राइस बैंड तय किया है। वहीं, इस आईपीओ में 100 करोड़ का ऑफर फॉर सेल शामिल है। आईपीओ के 11 नवंबर, 2022 को बीएसई और एनएसई पर लिस्ट होने का अनुमान है।
रिटेल इनवेस्टर्स के लिए कितना हिस्सा रिजर्व
DCX Systems के प्रमोटर्स एनसीबीजी होल्डिंग (NCBG Holdings Inc ) और वीएनजी टेक्नोलॉजी (VNG Technology) ऑफर फॉर सेल में अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे। आईपीओ में 75 फीसदी हिस्सा इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व रखा गया है। 15 फीसदी कोटा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए और 10 फीसदी रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व किया गया है।
बाजार के जानकारों के मुताबिक, ग्रे मार्केट (grey market) में DCX Systems के शेयर 88 रुपये के प्रीमियम (GMP) पर ट्रेड हो रहे हैं।
पूंजी का क्या इस्तेमाल करेगी कंपनी
कंपनी IPO से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कर्ज चुकाने और वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने के लिए करेगी। साथ ही इश्यू से मिले पैसे का उपयोग सब्सिडियरी रैनियल एडवांस सिस्टम्स में निवेश, कैपिटल एक्सपेंडिचर और जनरल कॉरपोरेट जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा।
कंपनी ने इस आईपीओ के लिए प्राइस बैंड 197 से 207 रुपये प्रति शेयर तय किया है। आईपीओ में एक लॉट में 72 शेयर हैं। इसमें एक लॉट खरीदना जरूरी है। इस लिहाज से IPO में कम से कम 14,904 रुपये का निवेश करना होगा।
DCX Systems ने वित्त वर्ष 2022 में 1,102 करोड़ रुपये का ऑपरेशन रेवेन्यू दर्ज किया, जो वित्त वर्ष 2020 के 449 करोड़ रुपये 56.64 फीसदी ज्यादा था। वहीं, 31 मार्च, 2022 को कंपनी के पास 2,369 करोड़ रुपये की ऑर्डर बुक थी, जो 31 मार्च, 2020 को 1,941 करोड़ रुपये थी।
डीसीएक्स सिस्टम्स कंपनी इलेक्ट्रॉनिक सब-सिस्टम्स और केबल हार्नेसेज बनाने वाली भारत की प्रमुख कंपनियों में से एक है। दिसंबर 2021 तक इजरायल, अमेरिका, कोरिया और भारत जैसे देशों में कंपनी के कस्टमर थे। कंपनी के कस्टमर्स में से कुछ फॉर्च्यून 500 कंपनियां भी शामिल हैं। इसके अलावा कई मल्टीनेशनल कंपनियां और स्टार्टअप कंपनी की ग्राहक लिस्ट में शामिल हैं।