पाइपिंग सॉल्युशंस प्रोवाइडर Dee Development Engineers Ltd जल्द ही अपना IPO लेकर आएगी। कंपनी ने कैपिटल मार्केट्स रेगुलेटर Sebi को ड्राफ्ट पेपर सबमिट कर दिए हैं। ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के मुताबिक, IPO में 325 करोड़ रुपये के नए इक्विटी शेयर रहेंगे। साथ ही 79 लाख शेयरों का ओएफएस रहेगा, जिसमें प्रमोटर कृष्ण ललित बंसल की ओर से शेयरों की बिक्री की जाएगी। वर्तमान में बंसल की Dee Development Engineers में 74.74 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इसके अलावा, कंपनी प्री-IPO प्लेसमेंट राउंड में 65 करोड़ रुपये जुटाने पर विचार कर सकती है। अगर ऐसा होता है, तो फ्रेश इक्विटी शेयरों की संख्या घट जाएगी।
Dee Development Engineers के IPO के लिए SBI Capital Markets और Equirus Capital को मर्चेंट बैंकर बनाया गया है। Dee Developments एक इंजीनियरिंग कंपनी है, जो इंजीनियरिंग, खरीद और मैन्युफैक्चरिंग के माध्यम से तेल और गैस, बिजली (न्यूक्लियर सहित), केमिकल्स और अन्य प्रॉसेस इंडस्ट्रीज जैसी इंडस्ट्रीज के लिए स्पेशलाइज्ड प्रॉसेस पाइपिंग सॉल्युशंस उपलब्ध कराती है। साथ ही पाइपिंग प्रॉडक्ट्स भी बनाती है।
कहां होगा IPO के पैसों का इस्तेमाल
ड्राफ्ट पेपर्स में कहा गया है कि IPO के तहत फ्रेश इक्विटी शेयर जारी करके प्राप्त हुए पैसों का इस्तेमाल कर्ज के भुगतान, वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। कंसोलिडेटेड बेसिस पर मार्च 2023 तक Dee Development Engineers पर कुल 352.62 करोड़ रुपये की उधारी बकाया थी।
कंपनी की 6 मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटीज हैं, जो कि हरियाणा के पलवल, गुजरात के अंजार, राजस्थान के बाड़मेर और थाइलैंड के बैंकॉक में हैं। इसके ग्राहकों में JGC कॉर्पोरेशन, नूटर/एरिक्सन, मैन एनर्जी सॉल्युशंस SE, मित्सुबिशी हैवी इंडस्ट्रीज, जॉन कॉकरिल एसए, रिलायंस इंडस्ट्रीज, HPCL-मित्तल एनर्जी लिमिटेड और तोशिबा जेएसडब्ल्यू पावर सिस्टम्स शामिल हैं।