प्राइवेट इक्विटी कंपनी ट्रू नॉर्थ (True North) 2,700 करोड़ रुपये में हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी निवा बूपा (Niva Bupa) में अपनी 20 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचेगी। कंपनी ने शुक्रवार 29 सितंबर को यह जानकारी दी। एक बयान में कहा गया कि ब्रिटेन की कंपनी बूपा, निवा बूपा में मेजॉरिटी शेयरहोल्डर बनने के लिए हिस्सेदारी खरीद रही है। सौदे के बाद बूपा की निवा बूपा में 63 प्रतिशत हिस्सेदारी हो जाएगी। इस सौदे के बाद भी ट्रू नॉर्थ, निवा बूपा में शेयरधारक बनी रहेगी। ट्रू नॉर्थ ने 2019 में अनलजीत सिंह की मैक्स इंडिया से 511 करोड़ रुपये में निवा बूपा में 51 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल की थी। वर्तमान में ट्रू नॉर्थ की 54.51 प्रतिशत हिस्सेदारी बताई जा रही है।
बयान में कहा गया है कि इस सौदे को बीमा नियामक इरडा से मंजूरी मिलनी अभी बाकी है। इरडा वर्तमान में बीमा कंपनियों में 74 प्रतिशत फॉरेन डायरेक्ट इन्वेस्टमेंट (FDI) की अनुमति देता है। मंजूरी मिल जाने पर यह डील, किसी ग्लोबल कंपनी द्वारा भारतीय बीमा उद्योग में किए गए सबसे बड़े ट्रांजेक्शंस में से एक होगी। इंटरनेशनल हेल्थकेयर सर्विसेज कंपनी बूपा, 2008 में भारत में पहली बार कारोबार स्थापित होने पर निवा बूपा में एक संस्थापक शेयरधारक थी। ट्रू नॉर्थ 2019 में निवा बूपा की मेजॉरिटी शेयरहोल्डर बन गई। ट्रू नॉर्थ को भारत की सबसे अनुभवी प्राइवेट इक्विटी फर्म्स में गिना जाता है।
भारत के हर जिले में मौजूदगी
बयान के अनुसार, ट्रू नॉर्थ, निवा बूपा में अपनी लगभग 20 प्रतिशत हिस्सेदारी बूपा को बेचेगी, जिससे बूपा की हिस्सेदारी बढ़कर लगभग 63 प्रतिशत हो जाएगी। निवा बूपा वित्त वर्ष 2022-23 में 4,000 करोड़ रुपये के कुल प्रीमियम के साथ देश की तीसरी सबसे बड़ी हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी बन गई। 2019 में यह आंकड़ा 1,000 करोड़ रुपये था। अब भारत के लगभग हर जिले में निवा बूपा की मौजूदगी है। Niva Bupa के पूरे भारत में 200 ऑफिस हैं। यह 20 से ज्यादा बैंकों के माध्यम से भी हेल्थ इंश्योरेंस देती है। वर्तमान में कंपनी करीब 1 करोड़ लोगों और 10,000 से ज्यादा हॉस्पिटल्स को कवर करती है।