Dharmaj Crop Guard IPO : एग्रोकेमिकल सेक्टर की दिग्गज कंपनी धर्मज क्रॉप गार्ड का आईपीओ सोमवार, 28 नवंबर को खुलेगा। 251 करोड़ रुपये के इस आईपीओ के तहत 216 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे। इस इश्यू के तहत 30 नवंबर 2022 तक बोली लगा सकेंगे। हालांकि, Dharmaj Crop Guard ने आईपीओ से पहले 25 नवंबर को एंकर बुक के जरिये 74.95 करोड़ रुपये जुटाने में कामयाबी मिली है। बीएसई फाइलिंग के मुताबिक, कंपनी ने 237 रुपये प्रति शेयर के अपर बैंड पर यह रकम जुटाई है और 31.62 लाख इक्विटी शेयरों के अलोकेशन के अंतिम रूप दिया है।
तीन इनवेस्टर्स- Elara India Opportunities Fund, Rajasthan Global Securities और Resonance Opportunities Fund ने एंकर बुक के जरिये यह निवेश किया है।
क्या आईपीओ में करना चाहिए निवेश
केआर चोकसी (KR Choksey) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी बी2सी और बी2बी दोनों क्लाइंट बेस के साथ एक उभरती हुई कंपनी है। इसलिए कंपनी की दीर्घकालिक संभावनाएं अनुकूल हैं। कंपनी की आगे अच्छी अर्निंग्स की संभावनाएं हैं। वैल्यूएशन पर गौर करें तो DCGL का इश्यू इंडस्ट्री की अन्य कंपनियों की तुलना में डिस्काउंट पर उपलब्ध है। KR Choksey ने सभी पॉजिटिव फैक्टर्स को देखते हुए DCGL के आईपीओ के लिए ‘सब्सक्राइब’ की सलाह दी है।
आनंद राठी (Anand Rathi) के मुताबिक, वित्त वर्ष 2020 से 2022 के बीच कंपनी का रिवेन्यू 41.02 फीसदी सीएजीआर दर से बढ़ा है और इस दौरान प्रॉफिट आफ्टर टैक्स 63.30 फीसदी सीएजीआर दर से बढ़ा है। कंपनी डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क मजबूत है। उसके बाद अच्छे ब्रांडेड प्रोडक्ट्स हैं, इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के साथ अच्छे संबंध हैं। भविष्य की संभावनाओं को देखते हुए Anand Rathi ने IPO के लिए ‘सब्सक्राइब रेटिंग दी है।’
Dharmaj Crop Guard इश्यू के बारे में डिटेल्स
धर्मज क्रॉप गार्ड के 251 करोड़ रुपये के इश्यू के तहत 216 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे और 35 करोड़ रुपये के शेयरों की ऑफर फॉर सेल (OFS) विंडो के तहत बिक्री होगी। इश्यू के लिए 216-237 रुपये का प्राइस बैंड और 60 शेयरों का लॉट साइज तय है यानी कि खुदरा निवेशकों को प्राइस बैंड के अपर प्राइस के हिसाब से कम से कम 14220 रुपये लगाने होंगे। शेयरों की फेस वैल्यू 10 रुपये है।
Dharmaj Crop Guard कंपनियों और सीधे किसानों के लिए कीटनाशक, फंगीसाइड्स, हर्बीसाइड्स, प्लांट ग्रोथ रेगुलेटर, सूक्ष्म उर्वरक और एंटीबायोटिक जैसे कई एग्रो केमिकल फॉर्मूलेशन को बनाती है। कंपनी के उत्पादों को लैटिन अमेरिका, पूर्वी अफ्रीकी देशों, खाड़ी देशों और पूर्वी एशिया के 25 से अधिक देशों को निर्यात किया जाता है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2021-22 में इसका मुनाफा 37 फीसदी बढ़कर 28.69 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसका रेवेन्यू भी सालाना आधार पर 30 फीसदी बढ़कर 394.2 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं मौजूदा वित्त वर्ष 2022-23 की पहली तिमाही में कंपनी ने 220.9 करोड़ रुपये का रेवेन्यू और 18.4 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था।
डिस्क्लेमरः यहां दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह निवेश विशेषज्ञों के अपने निजी विचार और राय होते हैं। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।