Dharmaj Crop Guard IPO Listing: एग्रोकेमिल कंपनी धर्मज क्रॉप गार्ड (Dharmaj Crop Guard) के शेयरों कि लिस्टिंग आज मजबूत हुई है। BSE पर इसके शेयर 12.24 फीसदी प्रीमियम के साथ 266 रुपए पर लिस्ट हुए हैं। जबकि NSE पर इसके शेयरों की लिस्टिंग 12.26 फीसदी प्रीमियम के साथ 266.05 रुपए पर हुई है। कंपनी का इश्यू प्राइस 237 रुपए था। गुजरात की इस केमिकल कंपनी का हेडक्वार्टर अहमदाबाद में है। कंपनी ने 251 करोड़ रुपए का इश्यू जारी किया था।
Dharmaj Crop Guard के इश्यू को अच्छी प्रतिक्रिया
Dharmaj Crop Guard का इश्यू 28 नवंबर को खुला और 30 नवंबर को बंद हुआ था। कंपनी का इश्यू कुल 35.5 गुना सब्सक्राइब हुआ था। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) और नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) से कंपनी को क्रमश: 48 गुना और 52 गुना अधिक बोली मिली थी। वहीं रिटेल निवेशकों ने अपने हिस्से के शेयरों को करीब 21.5 गुना अधिक सब्सक्राइब किया था। इश्यू के लिए 216-237 रुपये का प्राइस बैंड और 60 शेयरों का लॉट साइज था। नए शेयरों को जारी कर जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल गुजरात के सायखा में मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने और वर्किंग कैपिटल की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने में किया जाएगा। इसका अलावा कंपनी अपने कुछ कर्ज को चुकाने में भी इस रकम का इस्तेमाल करेगी।
Dharmaj Crop Guard कंपनियों और सीधे किसानों के लिए कीटनाशक, फंगीसाइड्स, हर्बीसाइड्स, प्लांट ग्रोथ रेगुलेटर, सूक्ष्म उर्वरक और एंटीबायोटिक जैसे कई एग्रो केमिकल फॉर्मूलेशन को बनाती है। कंपनी के उत्पादों को लैटिन अमेरिका, पूर्वी अफ्रीकी देशों, खाड़ी देशों और पूर्वी एशिया के 25 से अधिक देशों को निर्यात किया जाता है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2021-22 में इसका मुनाफा 37 फीसदी बढ़कर 28.69 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसका रेवेन्यू भी सालाना आधार पर 30 फीसदी बढ़कर 394.2 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं मौजूदा वित्त वर्ष 2022-23 की पहली तिमाही में कंपनी ने 220.9 करोड़ रुपये का रेवन्यू और 18.4 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था।