Emmvee Photovoltaic Power IPO: बेंगलुरु की Emmvee Photovoltaic Power ने अपने IPO के लिए SEBI के पास DHRP दाखिल कर दिया है। भारत के सबसे बड़े सोलर पीवी मॉड्यूल निर्माताओं में से एक कंपनी अपने आईपीओ के माध्यम से ₹3,000 करोड़ जुटाने की प्लानिंग में है। इस IPO में ₹2,143.9 करोड़ के इक्विटी शेयरों का फ्रेश इश्यू और प्रमोटरों मंजुनाथा डोंथी वेंकटरत्नैया और शुभा मंजुनाथा डोंथी द्वारा ₹856.1 करोड़ की शेयरों की बिक्री यानी OFS शामिल है। आइए आपको बताते हैं इस आईपीओ के साथ कंपनी की पूरी डिटेल।
भारत की दूसरी सबसे बड़ी सौर फोटोवोल्टिक (PV) मॉड्यूल और सोलर सेल बनाने वाली कंपनी IPO से पहले के दौर में ₹428.8 करोड़ तक की धनराशि जुटाने पर विचार कर सकती है। यदि कंपनी यह प्री-IPO प्लेसमेंट पूरा करती है, तो IPO के फ्रेश इश्यू का साइज उतनी राशि तक कम हो जाएगा।
आईपीओ से मिले पैसों का क्या होगा?
Emmvee Photovoltaic की योजना आईपीओ से होने वाली आय का मुख्य रूप से ₹1,607.9 करोड़ का उपयोग कर्ज चुकाने और शेष धनराशि का उपयोग सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए करने की है। कंपनी ने अपने ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस में कहा है कि इस साल 14 जून तक कंपनी का बकाया कर्ज ₹2,709.7 करोड़ था। इस आईपीओ के लिए JM Financial, IIFL Capital Services, Jefferies India और Kotak Mahindra Capital Company मर्चेंट बैंकर नियुक्त किया गया है।
अब जानिए कंपनी के बारे में
Emmvee Photovoltaic Power सोलर पीवी मॉड्यूल और सौर सेल बनाती है। कंपनी की सौर पीवी मॉड्यूल की उत्पादन क्षमता 7.80 GW और सौर सेल की क्षमता 2.94 GW है। कंपनी सौर सेल के निर्माण के लिए टनल ऑक्साइड पैसिवाटेड कॉन्टैक्ट (TOPCon) तकनीक का इस्तेमाल करती है। Emmvee वर्तमान में 2.50 GW सौर पीवी मॉड्यूल उत्पादन क्षमता लाइन जोड़ने की प्रक्रिया में है, और इसकी वित्त वर्ष 2028 की पहली छमाही तक सौर पीवी मॉड्यूल की उत्पादन क्षमता को 16.30 GW और सौर सेल की उत्पादन क्षमता को 8.94 GW तक बढ़ाने की योजना है।
कौन है ग्राहक और कितना है ऑर्डर बुक?
पिछले तीन वित्तीय वर्षों में कंपनी ने क्लीन मैक्स एनविरो एनर्जी, प्रोजील ग्रीन एनर्जी, केपीआई ग्रीन एनर्जी, आदित्य बिड़ला रिन्यूएबल्स सोलर, ब्लूपाइन एनर्जी, लीनेज पावर, केएमवी प्रोजेक्ट्स, सिलरेस एनर्जी सॉल्यूशंस, जोडियक एनर्जी, इनसोलारे एनर्जी, यूनिवर्सल ट्रांसफॉर्मर्स और मार्स एनर्जी ग्रुप, इंक सहित लगभग 525 ग्राहकों को अपनी सेवाएं दी हैं। वित्त वर्ष 2025 के अंत तक कंपनी के पास सौर पीवी मॉड्यूल का 4.89 GW का एक महत्वपूर्ण बकाया ऑर्डर बुक है। इसके अलावा, इस साल अप्रैल-मई के दौरान, कंपनी को 1.01 GW सौर पीवी मॉड्यूल की आपूर्ति के लिए एक्स्ट्रा ऑर्डर मिले हैं।
वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो, Emmvee Photovoltaic Power ने मार्च 2025 को समाप्त वर्ष में ₹369 करोड़ का प्रॉफिट दर्ज किया है, जो पिछले वर्ष के ₹28.9 करोड़ से लगभग 13 गुना अधिक है। इसी अवधि के दौरान कंपनी का राजस्व ₹145.4 करोड़ बढ़कर ₹2,335.6 करोड़ हो गया, जो पिछले वर्ष ₹951.9 करोड़ था।