Ethos Limited का आईपीओ बुधवार (18 मई) को खुलेगा। Ethos इंडिया में लग्जरी और प्रीमियम ब्रांड की सबसे बड़ी रिटेलर है। इस इश्यू में आप 20 मई तक बोली लगा सकते हैं। हालांकि, एलआईसी की कमजोर लिस्टिंग का असर इस हफ्ते खुले आईपीओ पर पड़ सकता है। मंगलवार को LIC के शेयर इश्यू प्राइस से कम प्राइस पर लिस्ट हुए।
ईथॉस ने प्रति शेयर 836-878 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। इस शेयर का फेस वैल्यू 10 रुपये है। यह इश्यू 472 करोड़ रुपये का है। इसमें 375 करोड़ रुपये मूल्य के कंपनी ने शेयर जारी करेगी। बाकी 97.29 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए बेचे जाएंगे। इससे कंपनी में प्रमोटरों की हिस्सेदारी घटेगी। अभी यह 81.01 फीसदी है, जो घटकर 61.65 फीसदी रह जाएगी।
इस आईपीओ का 50 फीसदी हिस्सा क्वालिफायड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए रिजर्व होगा। 35 फीसदी रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व होगा। बाकी 15 फीसदी नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए होगा। कंपनी नए शेयर इश्यू करने से मिले कुछ पैसे का इस्तेमाल अपना लोन चुकाने के लिए करेगी। 234.96 करोड़ रुपये का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल की जरूरतों के लिए करेगी। 33.27 करोड़ रुपये का इस्तेमाल नए स्टोर खोलने और पुराने स्टोरों को बेहतर बनाने पर करेगी।
इनवेस्टर्स को कम से कम एक लॉट यानी 17 शेयरों के लिए बोली लगानी होगी। जो इनवेस्टर्स ज्यादा अमाउंट के लिए बोली लगाना चाहते हैं वे 17 के मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। इस तरह आपको कम से कम 14,926 रुपये मूल्य के शेयरों के लिए बोली लगानी होगी। रिटेल इनवेस्टर्स मैक्सिमम 13 लॉट के लिए अप्लाई कर सकता है, जिसकी कीमत 1,94,038 रुपये होगी।
यह कंपनी 5 नवंबर, 2007 को 'कमला रिटेल लिमिटेड' के नाम से रजिस्टर्ड हुई थी। यह इंडिया की सबसे बड़ी लग्जरी एवं प्रीमियम वॉच रिटेलर है। प्रीमियम और लग्जरी सेगमेंट की कुल सेल्स में इसकी 13 फीसदी हिस्सेदारी है। यह वेबसाइट, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और फिजिकल स्टोर्स के जरिए अपने प्रोडक्ट्स की बिक्री करती है।
कंपनी के वॉच पोर्टफोलियो में 50 प्रीमियम ब्रांड्स शामिल हैं। इनमें ओमेगा, IWC Schaffhausen, Jaeger LeCoultre, Panerai, Bvlgari जैसे बड़े ब्रांड शामिल हैं। इसके 17 शहरों में 50 फिजिकल रिटेल स्टोर हैं। यह करीब 7,000 अलग-अलग प्रीमियम वॉचेज बेचती है। इसके स्टॉक में किसी समय 30,000 वॉचेज रहते हैं।
फाइनेंशियल ईयर 2020-21 में इसका रेवेन्यू 386.57 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले यह 457.85 करोड़ रुपये था। इस तरह साल दर साल आधार पर रेवेन्यू 15.6 फीसदी घटा है। फाइनेंशियल ईयर 2020-21 में इसका प्रॉफिट 5.79 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले कंपनी को 1.33 करोड़ रुपये लॉस हुआ था।
ग्रे मार्केट में Ethos के शेयर पर कोई प्रीमियम नहीं चल रहा है। कंपनी इनवेस्टर्स को 25 मई को शेयर अलॉट करेगी। जिन इनवेस्टर्स को शेयर जारी नहीं होंगे, उन्हें 26 मई को रिफंड मिल जाएगा। 27 मई को डीमैट अकाउंट में शेयर आ जाएंगे। 30 मई को स्टॉक एक्सचेंजों पर कंपनी के शेयर लिस्ट होंगे।