Fedbank Financial Services IPO : फेडबैंक फाइनेंशियल सर्विसेज का आईपीओ 22 नवंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। निवेशकों के पास इसमें 24 नवंबर तक निवेश का मौका होगा। कंपनी का इरादा पब्लिक इश्यू के जरिए 1,092.26 करोड़ रुपये जुटाने का है। एंकर निवेशकों के लिए यह आईपीओ एक दिन पहले यानी 21 नवंबर को खुल जाएगा। इश्यू के लिए प्राइस बैंड 133-140 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। यहां हमने इस आईपीओ से जुड़ी तमाम डिटेल दी है।
फेडबैंक का लक्ष्य आईपीओ के जरिए 1,092.26 करोड़ रुपये जुटाने का है। पब्लिक इश्यू के तहत 600.77 करोड़ रुपये के 4.29 करोड़ फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, सेलिंग शेयरहोल्डर्स द्वारा 492.26 करोड़ रुपये के 3.51 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी। इश्यू के बुक-रनिंग लीड मैनेजर आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज, बीएनपी पारिबा, इक्विरस कैपिटल प्राइवेट और जेएम फाइनेंशियल हैं, जबकि लिंक इनटाइम इंडिया रजिस्ट्रार है।
कंपनी ने अपने कर्मचारियों के लिए आईपीओ में 10 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर आरक्षित किए हैं, जिन्हें ये शेयर फाइनल ऑफर प्राइस से 10 रुपये प्रति शेयर की डिस्काउंट पर मिलेंगे। नेट ऑफर प्राइस का आधा हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 15 फीसदी हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल के लिए और शेष 35 फीसदी रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित किया गया है।
निवेशक कम से कम 107 इक्विटी शेयरों और उसके बाद इसके मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। खुदरा निवेशकों को मिनिमम 14,231 रुपये (107 x 133) का निवेश करना होगा। मुंबई स्थित NBFC भविष्य की कैपिटल जरूरतों को पूरा करने के लिए और अपने टियर-I कैपिटल बेस को बढ़ाने के लिए नए इश्यू से प्राप्त आय का इस्तेमाल करेगा। आईपीओ शेड्यूल के अनुसार, फेडबैंक फाइनेंशियल सर्विसेज के शेयरों की लिस्टिंग 5 दिसंबर को होने की संभावना है।
फेडरल बैंक द्वारा प्रमोटेड फेडबैंक फाइनेंशियल सर्विसेज (Fedfina) एक रिटेल-फोकस्ड नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी (NBFC) है। कंपनी MSME और उभरते सेल्फ-एंप्लॉयड इंडिविजुअल (ESEI) सेक्टर की जरूरतों को पूरा करने पर फोकस करती है। 30 जून 2023 तक फेडफिना की दक्षिणी और पश्चिमी क्षेत्रों में मजबूत उपस्थिति के साथ पूरे भारत में 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मौजूदगी है। कंपनी ने 584 ब्रांच के माध्यम से भारत के 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 190 जिलों को कवर किया।