FirstCry IPO: नवजात और छोटे बच्चों से जुड़े प्रोडक्ट बेचने वाली कंपनी फर्स्टक्राई (FirstCry) जल्द ही शेयर बाजार में एंट्री कर सकती है। फर्स्टक्राई की मूल कंपनी ब्रेनबीज सॉल्यूशंस (Brainbees Solutions) ने इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लाने के लिए मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास डॉक्यूमेंट जमा किए हैं। डॉक्यूमेंट के मुताबिक, कंपनी आईपीओ के जरिए 1,816 करोड़ रुपये के नए शेयर बेचेगी। इसके अलावा सॉफ्टबैंक समेत मौजूदा निवेशक अपनी ओर से कंपनी के करीब 5.44 करोड़ शेयरों को बिक्री के लिए रखेंगे।
हिस्सेदारी बेचने वाले निवेशकों में खुबानी इन्वेस्टमेंट्स, वैलेंट मॉरीशस, टीआईएमएफ (TIMF), थिंक इंडिया अपॉर्चुनिटीज फंड, श्रोडर्स, न्यूक्वेस्ट एशिया, टीपीजी, PI अपॉर्चुनिटीज, SVF और महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) शामिल हैं।
फर्स्टक्राई कुछ निवेशकों को निजी प्लेसमेंट के जरिए शेयर जारी करके 363.20 करोड़ रुपये जुटा सकती है।
ऑटोमोबाइल कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड (M&M) भी इस इश्यू के जरिए ब्रेनबीज सॉल्यूशंस में अपनी 0.58 प्रतिशत हिस्सेदारी या 28 लाख शेयर बेचेगी। आईपीओ का प्राइस बैंड तय होने के बाद ब्रेनबीज बुक रनिंग लीड मैनेजर्स के परामर्श से शेयरों का अंतिम बिक्री भाव तय करेगी।
IPO के जरिए सॉफ्टबैंक की इकाई SVF फ्रॉग (केमैन) लिमिटेड 2.03 करोड़ शेयर बेचेगी। सॉफ्टबैंक ने फर्स्टक्राई में 400 करोड़ डॉलर के एंटरप्राइज वैल्यूएशन पर 900 करोड़ डॉलर का निवेश किया था।
वित्त वर्ष 2023 में फर्स्टक्राई का कंसॉलिडेटेड शुद्ध घाटा बढ़कर 486.05 करोड़ रुपये रहा था। हालांकि इसका कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू दोगुना बढ़कर 5,632.53 करोड़ रुपये पहुंच गया।