फर्स्टक्राई (Firstcry) ने आईपीओ की तैयारी शुरू कर दी है। कंपनी 2022 में आईपीओ (IPO) पेश करेगी। यह कंपनी 2020 में इंडिया की यूनिकॉर्न (Unicorn) लिस्ट में शामिल हुई थी। इस कंपनी में सॉफ्टबैंक ने बड़ा निवेश किया है। प्रेमजी इनवेस्ट, TPG, क्रिसकैपिटल सहित कुछ और इनवेस्टर ने इस कंपनी में पैसे लगाए हैं। यह किड्स और बेबी प्रोडक्ट्स बेचती है।
फर्स्टक्राई के आईपीओ प्लान की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने बताया, "फर्स्टक्राई के आपीओ पर काम शुरू हो चुका है। अभी कुछ इनवेस्टमेंट बैंक इस बारे में कंपनी को सलाह दे रहे हैं। इनमें कोटक महिंद्रा कैपिटल और मॉर्गन स्टेनली शामिल हैं। इस लिस्ट में बाद में कुछ और बैंकरों का नाम जुड़ सकता है।"
एक सूत्र ने बताया कि फर्स्टक्राई आईपीओ से 1 अरब डॉलर से ज्यादा रकम जुटा सकती है। सूत्र ने बताया, "प्रस्तावित आईपीओ में शेयरों की प्राइमरी और सेकेंडरी सेल शामिल होगी। इससे कंपनी के कई निवेशकों को एग्जिट का मौका मिलेगा।" इससे पहले जिनी एंड जॉय और लिलिपुट ने आईपीओ पेश करने का प्लान बनाया था। लेकिन इनकी योजनाएं कामयाब नहीं सकी।
मनीकंट्रोल ने आईपीओ के बारे में पूरी जानकारी हासिल करने के लिए फर्स्टक्राई के को-फाउंडर सुपम माहेश्वरी, कोटक महिंद्रा कैपिटल और मॉर्गन स्टेनली को ईमेल भेजा था। अब तक रिस्पॉन्स नहीं आया है। फर्स्टक्राई पुणे की कंपनी है। इसकी शुरुआत सुपम माहेश्वरी और अमिताव साहा ने 2010 में की थी। इसके 75 लाख रजिस्टर्ड यूजर्स हैं। 2 लाख से ज्यादा यूनिक प्रोडक्ट्स हैं। 6000 ब्रांड्स और 400 स्टोर हैं। कंपनी के स्टोर यूएई में भी हैं। फर्स्टक्राई ने 2016 में महिंद्रा एंड महिंद्रा की सब्सिडियरी बेबीओय के कारोबार का अधिग्रहण किया था। यह सौदा 362 करोड़ रुपये में हुआ था।