Flair Writing IPO : 593 करोड़ के आईपीओ में निवेश करें या नहीं? जानिए रिस्क फैक्टर्स और एक्सपर्ट्स की राय

Flair Writing IPO : निवेशकों के पास इसमें 24 नवंबर तक निवेश का मौका होगा। कंपनी का इरादा आईपीओ के जरिए 593 करोड़ रुपये जुटाने का है। आईपीओ खुलने से पहले ग्रे मार्केट में इस आईपीओ को लेकर पॉजिटिव संकेत मिल रहे हैं। कंपनी के शेयर आज ग्रे मार्केट में 60 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं

अपडेटेड Nov 21, 2023 पर 5:01 PM
Story continues below Advertisement
फ्लेयर राइटिंग इंडस्ट्रीज लिमिटेड का आईपीओ कल यानी 22 नवंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है।

Flair Writing IPO : पेन बनाने वाली कंपनी फ्लेयर राइटिंग इंडस्ट्रीज लिमिटेड का आईपीओ कल यानी 22 नवंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। कंपनी ने इसके लिए 288-304 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। निवेशकों के पास इसमें 24 नवंबर तक निवेश का मौका होगा। कंपनी का इरादा आईपीओ के जरिए 593 करोड़ रुपये जुटाने का है। आईपीओ खुलने से पहले ग्रे मार्केट में इस आईपीओ को लेकर पॉजिटिव संकेत मिल रहे हैं। कंपनी के शेयर आज ग्रे मार्केट में 60 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं। ऐसे में सवाल यह है कि क्या निवेशकों को इसमें दांव लगाना चाहिए? आइए जानते हैं, क्या हैं रिस्क फैक्टर्स और ब्रोकरेज की राय।

क्या है रिस्क फैक्टर्स

कंपनी का रेवेन्यू और मार्केट शेयर राइटिंग इंस्ट्रूमेंट इंडस्ट्री पर निर्भर है, जो आर्थिक मंदी या कंज्यूमर प्रेफरेंस में बदलाव के समय सेंसेटिव हो सकता है। कंपनी ने आईपीओ आय से खरीदी जाने वाली कुल मशीनरी के मूल्य का 100 फीसदी बनाने वाली मशीनरी के लिए ऑर्डर नहीं दिया है। इससे विस्तार योजनाओं के समय पर इंप्लीमेंटेशन पर असर पड़ सकता है। इसके अलावा, कंपनी का सप्लायर्स के साथ लॉन्ग टर्म कॉन्ट्रैक्ट नहीं है और वह कुछ कच्चे माल के लिए सीमित संख्या में सप्लायर पर निर्भर है।


ब्रोकरेज की राय

Choice: Subscribe

फ्लेयर राइटिंग डोमेस्टिक राइटिंग इंस्ट्रूमेंट मार्केट में प्रमुख कंपनियों में से एक है। चॉइस को उम्मीद है कि FY21-23 के दौरान हुई ग्रोथ की तुलना में पेन सेल्स वॉल्यूम ग्रोथ मध्यम रहेगी, लेकिन वित्त वर्ष 17-23 के दौरान दर्ज की गई वॉल्यूम ग्रोथ से अधिक रहेगी। ब्रोकरेज ने इस आईपीओ को सब्सक्राइब रेटिंग दी है।

Anand Rathi: Subscribe

फ्लेयर राइटिंग भारत के राइटिंग इंस्ट्रूमेंट इंडस्ट्री में टॉप 3 कंपनियों में से एक के रूप में एक मजबूत स्थिति रखता है। आनंद राठी के एनालिस्ट्स ने आईपीओ को लॉन्ग टर्म के लिए सब्सक्राइब करने की सलाह दी है।

StoxBox: Subscribe

वैल्यूएशन के आधार पर इश्यू की कीमत आकर्षक है। स्टॉकबॉक्स के रिसर्च एनालिस्ट ध्रुव मुदारड्डी ने कहा, "फ्लेयर राइटिंग इंडस्ट्रीज लिमिटेड एक अपेक्षाकृत सुरक्षित निवेश अवसर के रूप में उभर रहा है और हम निवेशकों को मीडियम से लॉन्ग टर्म के साथ इस इश्यू को 'सब्सक्राइब' करने की सलाह देते हैं।"

आईपीओ से जुड़ी डिटेल

आईपीओ के तहत 292 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, कंपनी के प्रमोटरों और प्रमोटर ग्रुप एंटिटी द्वारा 301 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी। वर्तमान में, प्रमोटरों और प्रमोटर ग्रुप एंटिटी के पास कंपनी की 100% हिस्सेदारी है। ऑफर का लगभग 50 फीसदी क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 35 फीसदी हिस्सा खुदरा निवेशकों के लिए और शेष 15 फीसदी नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व रखा गया है।

कंपनी के बारे में

पेन बनाने वाली यह कंपनी 45 साल से अधिक पुराने फ्लैगशिप ब्रांड 'फ्लेयर' का मालिक है। यह इस साल मार्च तक करीब 9 फीसदी की बाजार हिस्सेदारी के साथ ओवरऑल राइटिंग इंस्ट्रूमेंट इंडस्ट्री में टॉप तीन प्लेयर्स में से एक है। कंपनी पेन, स्टेशनरी प्रोडक्ट्स और कैलकुलेटर सहित राइटिंग इंस्ट्रूमेंट बनाती और बेचती है। कंपनी हाउसवेयर प्रोडक्ट्स और स्टील की बोतलों के निर्माण में भी लगी हुई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।